रांची: भारतीय जनता पार्टी सोमवार को 47वां स्थापना दिवस मना रही है. इस मौके पर प्रदेश भाजपा कार्यालय में सुबह से ही गहमागहमी बनी रही. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के द्वारा पार्टी का ध्वजारोहण करने के बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर स्थापना दिवस समारोह की औपचारिक रूप से शुरुआत की गई. प्रदेश कार्यालय स्थित पंडित दीनदयाल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश उपाध्यक्ष बाल मुकुंद सहाय सहित बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे.
कार्यकर्ताओं को लड्डू खिलाकर सथापना दिवस की दी बधाई
इस मौके पर झारखंड में भाजपा की राजनीतिक यात्रा पर वक्ताओं ने विचार रखे. वहीं कार्यकर्ताओं को लड्डू खिलाकर स्थापना दिवस की बधाई दी गई. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने इस अवसर पर स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि जनता का प्यार और आशीर्वाद भारतीय जनता पार्टी के साथ रहा है. यही वजह है कि कभी हमने दो सांसद के बल पर शुरुआत की और आज देश का नेतृत्व करने का अवसर मिला है.
पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा की जा रही सेवा अविस्मरणीय है: अदित्य साहू
प्रदेश अध्यक्ष अदित्य साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों की सराहना की. उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा देश के लिए की जा रही सेवा अविस्मरणीय है. इसके साथ ही आगे विकसित भारत के संकल्प को हम पूरा करने में जरूर सफल होंगे. इस मौके पर बीजेपी सांसद बाबूलाल मरांडी ने संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के प्रति देश की जनता का प्यार और आशीर्वाद बना रहा है. आज यही वजह है कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा है.
एक सप्ताह तक चलेगा स्थापना दिवस समारोह
पार्टी स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाला कार्यक्रम 6 अप्रैल से एक सप्ताह तक चलेगा. पार्टी ने स्थापना दिवस कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए लेकर गठित टीम में मीडिया सह प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह को प्रदेश संयोजक नियुक्त किया है, जबकि प्रदेश उपाध्यक्ष आरती कुजूर, प्रदेश मंत्री मुनेश्वर साहू, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमरदीप यादव और किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री अर्जुन सिंह को सह संयोजक की जिम्मेदारी दी है.
तय कार्यक्रम के अनुसार स्थापना दिवस समारोह पर पार्टी के सभी मंडल, जिला एवं प्रदेश कार्यालयों को तीन दिनों के लिए यानी 5, 6 और 7 अप्रैल को सजाया जायेगा. इसके अलावे भाजपा के सभी कार्यालयों पर पार्टी का ध्वज 6 अप्रैल को फहराया जायेगा. इस मौके पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम के दौरान पार्टी की विकास यात्रा पर चर्चा की जायेगी और मिठाईयां बांटी जायेगी. इस दौरान सभी कार्यकर्ताओं को अपने घरों पर पार्टी का ध्वज फहराने और सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया है.
बूथ स्तर पर मनाया जाएगा पार्टी स्थापना दिवस
6 और 7 अप्रैल को प्रत्येक बूथ पर प्राथमिक और सक्रिय सदस्य एकत्रित होकर पार्टी का स्थापना दिवस मनाएंगे. वहीं जिला कार्यालय पर 8 और 9 अप्रैल को पार्टी के सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन आयोजित होगा. जिसमें भाजपा का संगठनात्मक विस्तार और चुनावी सफलता में जन समर्थन, भारतीय राजनीति में भाजपा द्वारा लाया गया परिवर्तन, सेवा भाव, अंत्योदय, विकासोन्मुख राजनीति एवं राष्ट्र प्रथम की भावना को सर्वोपरि रखने, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के द्वारा किये गये उल्लेखनीय एवं ऐतिहासिक कार्यों आदि विषयों पर चर्चा किए जाएंगे.
7 अप्रैल से 12 अप्रैल के बीच गांव/बस्ती चलो अभियान का आयोजन होगा. इसमें सभी पार्षद, पंचायत सदस्य से लेकर ऊपर स्तर के सभी जनप्रतिनिधियों सहित पार्टी के कार्यकर्ता प्रभावी रूप से भाग लेंगे और गांवों में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसमें सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता का कार्यक्रम, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान, समाज के विभिन्न वर्गों के बुद्धिजीवी और गणमान्य व्यक्तियों से संपर्क, उनका सम्मान, केंद्र सरकार और एनडीए शासित प्रदेश सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों पर व्यापक चर्चा करना, लाभार्थियों से जनसंपर्क आदि कार्यक्रम शामिल हैं.


