Sunday, June 21, 2026

रांची समेत झारखंड के विभिन्न एग्जाम सेंटर्स पर नीट यूजी 2026 पुनर्परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई.

Share

रांचीः राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित नीट यूजी 2026 पुनर्परीक्षा रविवार को झारखंड के 67 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गई. राजधानी रांची में सर्वाधिक 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए. परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए थे.

  • जिला प्रशासन की ओर से सभी परीक्षा केंद्रों पर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई. इसके साथ ही महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों को भी सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई. परीक्षा केंद्रों के बाहर विशेष निगरानी रखी गई ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या गड़बड़ी की स्थिति उत्पन्न न हो. अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए केंद्रों पर प्रवेश, पहचान सत्यापन और अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित किया गया.
  • रांची के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) कुमार रजत ने बताया कि जिले के सभी 21 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई. उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य अभ्यर्थियों को सुरक्षित और सहज वातावरण उपलब्ध कराना था. इसके लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल, मजिस्ट्रेट और निगरानी टीमों की तैनाती की गई थी.
  • एसडीओ कुमार रजत ने कहा कि रांची के सभी परीक्षा केंद्रों पर नीट यूजी री-एग्जाम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई है. सभी केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी. परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं.
  • परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने भी परीक्षा व्यवस्था पर संतोष जताया. हालांकि कुछ विद्यार्थियों ने प्रश्नपत्र के स्तर और परीक्षा प्रक्रिया को लेकर अपनी राय साझा की. अभ्यर्थी अंजलि कुमारी ने कहा कि इस बार का प्रश्नपत्र पहले टर्म की तुलना में थोड़ा संतुलित लगा। अधिकांश प्रश्न सिलेबस के अनुरूप थे और परीक्षा केंद्र पर व्यवस्था भी अच्छी थी.
  • वहीं राहुल कुमार ने कहा कि पेपर का स्तर ठीक था. पिछले प्रयास की तुलना में प्रश्नों को समझना थोड़ा आसान लगा. हालांकि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार बदलाव और अनिश्चितता के कारण विद्यार्थियों पर मानसिक दबाव बना रहता है. स्नेहा तिर्की ने कहा कि परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा और बैठने की व्यवस्था अच्छी थी. हमारी कोशिश रहती है कि तैयारी के अनुसार प्रदर्शन करें लेकिन परीक्षा तिथियों और प्रक्रियाओं में किसी तरह की अनिश्चितता छात्रों के लिए तनाव का कारण बनती है.

झारखंड के सभी 67 केंद्रों पर नीट यूजी 2026 पुनर्परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई. परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थी केंद्रों से बाहर निकले और अपने प्रदर्शन को लेकर संतोष जताते हुए बेहतर परिणाम की उम्मीद व्यक्त की.

Read more

Local News