Monday, July 13, 2026

रांची विश्वविद्यालय में छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए शुरू हुआ हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, मुफ्त मिलेगी काउंसलिंग

Share

रांची: छात्रों में बढ़ते मानसिक तनाव और मनोवैज्ञानिक समस्याओं को देखते हुए रांची विश्वविद्यालय ने हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की शुरुआत की है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को परीक्षा, करियर, पारिवारिक चुनौतियों और डिजिटल जीवनशैली से जुड़े तनाव से उबरने में पेशेवर सहायता उपलब्ध कराना है।

विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष एवं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के निदेशक प्रो. परवेज हसन ने बताया कि केंद्र का संचालन 8 अप्रैल 2026 से शुरू हुआ। अब तक करीब 72 से 75 छात्र और अन्य लोग यहां काउंसलिंग सेवाओं का लाभ ले चुके हैं।

प्रशिक्षित विशेषज्ञ कर रहे हैं काउंसलिंग

प्रो. हसन के अनुसार, सप्ताह में तीन दिन सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ साइकियाट्री (सीआईपी) से प्रशिक्षित मनोवैज्ञानिक छात्रों की काउंसलिंग करते हैं। शेष दिनों में विश्वविद्यालय के विशेषज्ञ यह जिम्मेदारी संभालते हैं। उन्होंने बताया कि यहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान और बातचीत पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।

केंद्र में किसी प्रकार की दवा नहीं दी जाती। विशेषज्ञ बातचीत और मनोवैज्ञानिक परामर्श के माध्यम से तनाव, चिंता, अवसाद और अन्य मानसिक चुनौतियों से निपटने में मदद करते हैं।

परीक्षा का दबाव और सोशल मीडिया बना बड़ी चुनौती

प्रो. हसन का कहना है कि वर्तमान समय में परीक्षा का तनाव, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, करियर को लेकर चिंता, पारिवारिक समस्याएं, मोबाइल फोन और सोशल मीडिया का अत्यधिक उपयोग छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य पर गहरा प्रभाव डाल रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि परिवारों में संवाद कम होने से कई समस्याएं और गंभीर हो जाती हैं।

ऐसे मामलों में आवश्यकता पड़ने पर अभिभावकों को भी काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल किया जाता है और उन्हें बच्चों के साथ अधिक समय बिताने तथा खुलकर संवाद करने की सलाह दी जाती है।

हर शिक्षण संस्थान में काउंसलर की जरूरत

हाल के दिनों में छात्रों की आत्महत्या और बुलिंग की घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रो. हसन ने कहा कि स्कूलों और उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रशिक्षित काउंसलरों की उपलब्धता समय की मांग है। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से भी छात्रों की भावनात्मक जरूरतों के प्रति संवेदनशील रहने की अपील की।

सभी सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क

विश्वविद्यालय ने बताया कि हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में उपलब्ध सभी सेवाएं छात्रों और अन्य लाभार्थियों के लिए मुफ्त हैं। इस केंद्र का संचालन कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) फंड के सहयोग से किया जा रहा है, जिससे विश्वविद्यालय पर अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं पड़ता।

भविष्य में मिलेंगी और सुविधाएं

विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सरोज शर्मा के मार्गदर्शन में आने वाले समय में इस केंद्र में मेडिकल डॉक्टरों की सेवाएं भी शुरू करने की योजना है। इसके अलावा ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ के प्रमाणित प्रशिक्षकों के सहयोग से तनाव प्रबंधन, मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता और व्यक्तित्व विकास से जुड़े विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि छात्र मानसिक रूप से अधिक सशक्त और संतुलित बन सकें।

Read more

Local News