रांची : सांसद खेल महोत्सव का आज समापन हो गया. इस मौके पर रांची सहित देश भर के 237 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए. इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑनलाइन ना केवल खिलाड़ियों से बात की, वहीं इस मौके पर संबोधित कर युवा खिलाड़ियों में उर्जा भी भरा. प्रधानमंत्री मोदी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कई बातें कही. उन्होंने कहा कि खेल के मैदान में कोई जीतता है कोई सीखता है, हार किसी की नहीं होती. पीएम के इस संबोधन को जैसे ही रांची के ओटीसी ग्राउंड में खिलाड़ियों ने सुना तालियों की गड़गड़ाहट से परिसर गूंज उठा.
पीएम ने संबोधित करते हुए कहा कि आपके जोश, जज्बा और उत्साह देखकर मुझे स्वर्णिम भारत के दर्शन हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव में 290 से ज्यादा सांसदों की भागीदारी है, जिसके आयोजन में 1 करोड़ से अधिक युवाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया. पीएम मोदी ने कहा कि खेल का स्केल जितना बड़ा होगा, उतना ही बड़ा उसका इंपेक्ट होगा. शहरों से लेकर गांवों तक, हर बैकग्राउंड के युवा इसमें शामिल हैं. यह दिखाता है कि इसका पैमाना कितना बड़ा है.
उन्होंने कहा कि काशी से सांसद होने के नाते, मैं अपने संसदीय क्षेत्र में इस खेल आयोजन से करीब से जुड़ा रहा हूं. मुझे यह देखकर खुशी होती है कि युवाओं ने इसके जरिए नए मील के पत्थर स्थापित किए हैं. सांसद खेल महोत्सव युवा निर्माण से राष्ट्रीय निर्माण का मजबूत स्तंभ बना. दूर-दराज और छोटे गांवों से नए खेल प्रतिभाएं उभरकर सामने आए. खेल को समय की बर्बादी समझने की सोच में बड़ा बदलाव आया. अब चयन पहचान नहीं, प्रतिभा के आधार पर हो रहा है.
रांची के ओटीसी ग्राउंड में आयोजित सांसद खेल महोत्सव समापन के मौके पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ शामिल हुए. इस मौके पर छऊ नृत्य सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. इस अवसर पर खिलाड़ियों को टी-शर्ट के अलावे सभी फुटबॉल टीमों को दो नेट और एक फुटबॉल दिया गया.
आपको बता दें कि सांसद खेल महोत्सव की शुरुआत 20 अगस्त से हुई थी, जिसका समापन आज 25 दिसंबर को हुआ. करीब चार महीने तक चले इस खेल महोत्सव में एथलेटिक्स, फुटबॉल सहित कुल 8 खेल प्रतिस्पर्धा आयोजित हुए. जिसमें अकेले फुटबॉल में कुल 147 टीमों ने भाग लिया. रांची लोकसभा क्षेत्र के प्रत्येक विधानसभा में हर दिन तीन चार मैच आयोजित हुए. तीरदांजी, कबड्डी, मैराथन, फुटबॉल, बुशू जैसे खेलों में खिलाड़ी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि इस खेल महोत्सव से ग्रामीण क्षेत्र में छिपी हुई प्रतिभा को आगे लाने का प्रयास किया गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायक संबोधन से ये खिलाड़ी उत्साहित हैं, जिसका लाभ 2030 में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स में जरूर देखने को मिलेगा.
हजारीबाग के संजय सिंह स्टेडियम में भी सांसद खेल महोत्सव के समापन कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जिसमें हजारीबाग के सांसद और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल रहे. हजारीबाग की बात की जाए तो लगभग 30 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने इस महोत्सव में हिस्सा लिया. वहीं अगले साल एक लाख से अधिक खिलाड़ी सांसद खेल महोत्सव में हिस्सा लेंगे. इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है. हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि अगले साल कई अन्य खेल को भी इसमें स्थान दिया जाएगा. जिसमें मैराथन और एथलेटिक्स भी शामिल होगा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से लोगों को संबोधित किया.


