रांचीः देश भर में चल रहे सांसद खेल महोत्सव का समापन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के दिन होगा. देशभर के एनडीए संसदीय क्षेत्र में आयोजित सांसद खेल महोत्सव के समापन के मौके पर ना केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑनलाइन संबोधित करेंगे, बल्कि खिलाड़ियों से सीधी बात भी करेंगे. रांची संसदीय क्षेत्र में चल रहे सांसद खेल महोत्सव के समापन मौके पर दो खिलाड़ियों से प्रधानमंत्री बात करेंगे.
रातू के ओटीसी ग्राउंड में आयोजित होने वाले समापन कार्यक्रम की जानकारी देते हुए रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री का ऑनलाइन संबोधन दिन के 11 बजे होगा. इस दौरान पीएम खिलाड़ियों से भी बात करेंगे. उन्होंने कहा कि देशभर में एनडीए के जितने सांसद हैं उनके संसदीय क्षेत्र में खेल महोत्सव आयोजित हो रहा है. जिसमें 1 करोड़ खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था. जिसमें रांची लोकसभा क्षेत्र में 81 हजार खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था.
20 अगस्त से शुरू हुआ था सांसद खेल महोत्सव
सांसद खेल महोत्सव की शुरुआत 20 अगस्त को हुई थी. जिसका समापन कल 25 दिसंबर को होगा. एथलेटिक्स, फुटबॉल सहित कुल 8 खेल प्रतिस्पर्धा आयोजित हुए हैं. जिसमें सिर्फ फुटबॉल में कुल 147 टीमें शामिल हुई. रांची लोकसभा क्षेत्र के प्रत्येक विधानसभा में हर दिन तीन-चार मैच हो रहे हैं. तीरदांजी, कबड्डी, मैराथन, फुटबॉल, बुशू जैसे खेलों में खिलाड़ी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं.
समापन समारोह को भव्य बनाने की तैयारी
समापन समारोह के भव्य बनाने में जुटे रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि इस खेल प्रतियोगिता में गिल्ली-डंडा, पिट्टो, रस्साकस्सी जैसे पारंपरिक और लुप्त हो रहे ग्रामीण खेल को भी शामिल किया गया है. खेल महोत्सव आयोजित करने के पीछे का उद्देशय सिर्फ और सिर्फ खेल प्रतिभा को निखारना है और इसमें झारखंड ओलंपिक संघ की महत्वपूर्ण भूमिका रही है.

ग्रामीण खेल प्रतिभा को निखारने की जरूरतः मधुकांत
वहीं झारखंड ओलंपिक संघ के अध्यक्ष मधुकांत पाठक ने कहा कि इन खेल प्रतिस्पर्धा में ऐसे बच्चे बाहर आए हैं जिनमें अद्भुत क्षमता है. आम तौर पर खेल संघ शहरी क्षेत्र के खिलाड़ियों पर ज्यादा ध्यान देता है, मगर जिस तरह से इस आयोजन के माध्यम से ग्रामीण खेल प्रतिभा उभरकर सामने आई है उसे निखारने के लिए यदि हर साल तीन महीने का विशेष प्रशिक्षण की व्यवस्था हो तो निश्चित रुप से ये देश-दुनिया में झारखंड के बच्चे नाम रोशन करेंगे.


