Friday, February 13, 2026

रांची में रैश ड्राइविंग और अपराध पर लगाम लगाने के लिए एसएसएपी ने थानेदारों को सख्त निर्देश दिए.

Share

रांची: राजधानी रांची में हाल के दिनों में तेज रफ्तार और वाहन चालकों के द्वारा लोगों को कुचलने की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है. इस तरह की वारदातों में न सिर्फ आम लोग घायल हो रहे हैं, उनकी जान जा रही है, बल्कि पुलिस वाले भी निशाना बन रहे हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के सीनियर एसपी राकेश रंजन ने सभी थानेदारों को वाहनों के रफ्तार पर ब्रेक लगाने के लिए कई निर्देश जारी किए हैं.

एसएसपी ने बुलाई बैठक

रैश ड्राइविंग, स्टंटबाजी और हालिया अपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रांची एसएसपी राकेश रंजन ने गुरुवार की रात अपने गोपनीय कार्यालय में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक बुलाई. इस बैठक में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), पुलिस अधीक्षक (नगर), पुलिस अधीक्षक (यातायात) के साथ-साथ शहरी क्षेत्र के सभी थानों और ग्रामीण क्षेत्र के प्रमुख थाना प्रभारियों तथा संबंधित पुलिस उपाधीक्षकों ने हिस्सा लिया. बैठक में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने, रैश ड्राइविंग पर रोकथाम और हालिया अपराधों की गहन समीक्षा की गई.

बैठक के प्रमुख बिंदु और निर्देश

बैठक में एसएसपी ने रैश ड्राइविंग एवं स्टंट ड्राइविंग पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए है. उन्होंने हाल में घटित अपराधिक घटनाओं के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत समीक्षा भी की और विधि-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सभी पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए. एसएसपी ने सभी थानेदारों को यह निर्देश दिया है कि वह अपने-अपने थाना क्षेत्र में रात के समय गश्त पर रहे. खतरनाक चौक चौराहों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की रफ्तार को कम करें.

रात्रि गश्त पर जोर

एसएसपी ने रात में अनियंत्रित और संदिग्ध वाहनों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के लिए सभी प्रमुख सड़कों पर स्लाइडर, जिग-जैग रुकावटें और इंटरसेप्टर वाहन तैनात करने का आदेश दिया है. सुगम यातायात परिचालन सुनिश्चित करने के लिए थाना प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई.

गौरतलब है कि रांची में हाल के दिनों में रैश ड्राइविंग से जुड़ी दुर्घटनाएं और अपराधिक घटनाएं बढ़ने से जनता में असुरक्षा की भावना पैदा हुई है. एसएसपी ने इन मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए बैठक में कहा कि पुलिस पूरी सतर्कता के साथ अपनी ड्यूटी निभाएगी. ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के थाना प्रभारियों को स्थानीय स्तर पर निगरानी बढ़ाने और सूचना तंत्र को सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया है. एसएसपी ने बताया कि इंटरसेप्टर वाहनों की तैनाती से विशेष रूप से रात्रिकालीन संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगेगा, जिससे अपराध की रोकथाम में सहायता मिलेगी.

  • इन घटनाओं ने पब्लिक के मन में किया खौफ पैदा
  • 11 फरवरी 2026 को रांची के चुटिया में एक कार चालक ने छह लोगों को कुचल दिया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई.
  • 12 फरवरी 2026 को रांची के लालपुर में एक अनियंत्रित कार ने कई वाहनों में टक्कर मार दी. इस घटना में एक महिला की मौत हो गई.
  • 09 फरवरी 2026 को रांची के कचहरी चौक पर कार सवार युवकों ने एक किन्नर और एक युवक को कुचल दिया. पुलिस ने जब कार को रोकना चाहा तो उनपर भी कार चढ़ाने की कोशिश की गई. बाद में पुलिस को कार पर फायरिंग करनी पड़ी, तब जाकर कार चालक काबू में आया.
  • जनवरी 2026 महीने में लालपुर चौक पर अंकित नाम के युवक को कार से कुचल कर मार डाला गया था. कार चालक और अंकित के बीच शराब पीने के बाद विवाद हुआ था.
  • जनवरी महीने में ही धुर्वा में पुलिस वाहन को ही जोरदार टक्कर मारी गई.
  • 31 दिसम्बर 2025 को अपने जन्मदिन मनाने के लिए केक खरीदने निकले विवेक को मामूली विवाद होने पर वाहन से कुचल दिया गया.

Read more

Local News