Friday, March 20, 2026

रांची में मेंस हॉकी इंडिया लीग का रोमांच जारी….

Share

रांचीः JSW सूरमा हॉकी क्लब ने हॉकी इंडिया लीग 2026 (पुरुष वर्ग) में अपनी पहली जीत दर्ज करते हुए HIL गवर्निंग काउंसिल (GC) को 3-1 से मात दी.

यह मुकाबला रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में खेला गया, जहां सूरमा ने शुरू से अंत तक अपना दबदबा बनाए रखा. JSW सूरमा की जीत में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने अहम भूमिका निभाई. उन्होंने पेनल्टी कॉर्नर पर शानदार ड्रैग फ्लिक लगाते हुए 15वें और 38वें मिनट में दो गोल किए.

JSW Surma Hockey Club secured first victory in Mens Hockey India League in Ranchi

वहीं गुरजंत सिंह ने 27वें मिनट में शानदार फील्ड गोल दागकर टीम को मजबूत बढ़त दिलाई. HIL GC की ओर से एकमात्र गोल केन रसेल ने किया, जो लीग में अब तक 10 गोल के साथ टॉम बून के बराबर शीर्ष स्कोरर बने हुए हैं. हार के बावजूद HIL GC अंक तालिका में शीर्ष दो में बना हुआ है.

JSW Surma Hockey Club secured first victory in Mens Hockey India League in Ranchi

मैच की शुरुआत से ही JSW सूरमा आक्रामक नजर आया. पहले क्वार्टर के अंतिम क्षणों में मिले पेनल्टी कॉर्नर को हरमनप्रीत सिंह ने आसानी से गोल में तब्दील कर टीम को बढ़त दिलाई. दूसरे क्वार्टर में HIL GC ने कप्तान हार्दिक सिंह के जरिए वापसी की कोशिश की, लेकिन सूरमा की मजबूत डिफेंस के सामने वे गोल करने में नाकाम रहे.

27वें मिनट में गुरजंत सिंह ने बाएं फ्लैंक से तेज रफ्तार में सर्कल में घुसते हुए सटीक शॉट लगाया और गोलकीपर जेम्स मजारेलो को छकाते हुए स्कोर 2-0 कर दिया. इसके बाद दबाव में आए HIL GC के स्टार खिलाड़ी केन रसेल को 30वें मिनट में कड़ा टैकल करने पर ग्रीन कार्ड मिला. जिससे उनकी टीम को कुछ समय के लिए 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा.

तीसरे क्वार्टर में JSW सूरमा ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया. 38वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को हरमनप्रीत सिंह ने एक बार फिर गोल में बदलते हुए स्कोर 3-0 कर दिया. हालांकि 44वें मिनट में HIL GC को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर केन रसेल ने गोल कर अंतर कम किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

JSW Surma Hockey Club secured first victory in Mens Hockey India League in Ranchi

आंकड़ों में भी JSW सूरमा का दबदबा साफ दिखा. सूरमा ने कुल 27 सर्कल एंट्री के साथ 7 शॉट ऑन गोल लगाए, जबकि HIL GC ने 19 सर्कल एंट्री के साथ 4 शॉट ऑन गोल किए. अंतिम क्वार्टर में HIL GC ने कुछ मौके बनाए, लेकिन सूरमा की मजबूत रणनीति और डिफेंस ने उन्हें सफल नहीं होने दिया.

JSW Surma Hockey Club secured first victory in Mens Hockey India League in Ranchi

मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए गुरजंत सिंह

पिछले मुकाबलों में हार और एक शूटआउट जीत के बाद आज का मैच हमारे लिए ‘करो या मरो’ जैसा था। यह पूरी टीम की जीत है. हम इस लय को आगे भी बरकरार रखना चाहते हैं, क्योंकि अब से हर मैच हमारे लिए बेहद अहम है.

Read more

Local News