रांची : झारखंड दौरे पर आए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने प्रदेश कार्यालय में पार्टी के प्रदेश स्तर के शीर्ष नेताओं के साथ बैठक की. प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू की अध्यक्षता में आयोजित इस सांगठनिक बैठक में मोदी सरकार द्वारा प्रस्तुत लोक कल्याणकारी बजट सहित अन्य सांगठनिक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई.
- बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री सांसद अरुण सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा के अलावे पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, मधु कोड़ा, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ रविंद्र कुमार राय, डॉ दिनेशानंद गोस्वामी, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बड़कुंवर गगराई, भानु प्रताप शाही, विकास प्रीतम, प्रदेश मंत्री सुनीता सिंह, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, सचेतक राज सिन्हा, विधायक शशि भूषण मेहता, पूर्व विधायक बिरांचि नारायण, रणधीर सिंह, अमित मंडल सहित जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी उपस्थित थे.
प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई बैठक में नगर निकाय चुनाव और अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई. पार्टी ने गैरदलीय आधार पर हो रहे इस चुनाव में महापौर एवं अध्यक्ष पदों पर खड़े हो रहे भाजपा कार्यकर्ताओं के बारे में गंभीरता से चर्चा की है. जानकारी के मुताबिक, रांची महापौर सीट के लिए पार्टी ने रौशनी खलखो की दावेदारी को स्वीकृति दी है. इसी तरह से नौ नगर निगम के लिए महापौर पद के लिए पार्टी नेताओं द्वारा की जा रही दावेदारी की स्वीकृति प्रदान की गई है.
इधर, बैठक के बाद राष्ट्रीय महामंत्री सांसद अरुण सिंह ने कहा कि सदन में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा 9वीं बार लगातार प्रस्तुत बजट सराहनीय, ऐतिहासिक और भारत के भविष्य को सशक्त बनाने वाला बजट है. उन्होंने कहा कि यह भारत के हर नागरिक के सपनों आकांक्षाओं और भविष्य की मजबूत नींव रखने वाला बजट है.
उन्होंने कहा कि बजट युवाओं के सपनों को उड़ान देगा, किसानों के विश्वास को मजबूत करेगा, महिलाओं को आत्मनिर्भरता देगा, मध्यम और गरीब वर्ग को मजबूती देगा. इस बजट को जन जन तक पहुंचाने के लिए भाजपा नेता जनता के बीच जायेंगे.


