रांची: प्रकृति के प्रति झारखंड के आदिवासी समाज की किस कदर आस्था है, यह एक बार फिर सरहुल के मौके पर राजधानी की सड़कों पर देखने को मिली. विपरीत मौसम के बावजूद हजारों लोग सड़कों पर उतरे. इस दौरान हो रही बेमौसम बारिश भी इनके उत्साह को रोक नहीं पायी. हालांकि, इस दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते रुक गया.
दरअसल, आदिवासी छात्र संघ के द्वारा अलबर्ट एक्का चौक पर बनाए गए मंच पर बारिश से बचने के लिए क्षमता से अधिक संख्या में लोग चढ़ गए, जिससे मंच अचानक भरभराकर गिर गया. हालांकि, इस घटना में कोई ज्यादा घायल नहीं हुआ. इन सबके बीच विभिन्न सरना समितियों के द्वारा निकाली गई मनमोहक झांकियां लोगों के लिए आकर्षण का केन्द्र बना. झाकियों में देश की सैन्य शक्ति से लेकर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया गया. शहर के विभिन्न रास्तों से होकर निकाली गई इस सरहुल शोभायात्रा का समागम अलबर्ट एक्का चौक पर देर शाम तक चलता रहा.
राजधानी रांची में सरहुल खास अंदाज में आयोजित होता रहा है. इस मौके पर निकलने वाली सरहुल शोभायात्रा ऐतिहासिक और आकर्षक होती रही है. इस बार भी शोभा यात्रा हातमा सरना स्थल एवं राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में स्थित अखाड़ा से निकली, जो राजधानी रांची के सिरम टोली सरना स्थल तक पहुंची.
इस शोभा यात्रा में आदिवासी रीति और परंपरा का सामंजस्य देखने को मिला. ढोल, मांदर के थाप पर शोभायात्रा में शामिल युवक युवतियां नाचती थिरकती रही. वहीं शोभायात्रा में आदिवासी परंपरा की झलक विभिन्न प्रकार की झांकियों के माध्यम से देखने को मिला. हाथों में सरना झंडा लिए और आदिवासी पारंपरिक परिधान पहने हुए बड़ी संख्या में लोग शोभायात्रा में शामिल हुए. इस शोभायात्रा में शामिल पाहन लोगों को फूलखोसी करते नजर आए.

चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति के द्वारा बनाए गए स्वागत मंच के माध्यम से समिति के अध्यक्ष, पदाधिकारी और सदस्यों के द्वारा शोभा यात्रा का स्वागत किया गया. केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, रांची विधायक सीपी सिंह जैसे भाजपा के बड़े नेता मंच पर मौजूद रहे. चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति के बनाए गए स्वागत मंच पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा एवं मां सरना की प्रतिमा लोगों के लिए आकर्षण का केन्द्र बनी रही.

शोभायात्रा में आये हुए लोगों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया और पाहन को माला पहना कर स्वागत किया गया. चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति के मंच पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी का समिति के अध्यक्ष रमेश सिंह ने स्वागत किया.


