Wednesday, May 13, 2026

रांची में जेबीवीएनएल के कैंप के बिजली बिल संबंधित शिकायतें सबसे अधिक आईं हैं.

Share

रांचीः जेबीवीएनएल के प्रति आम तौर पर उपभोक्ताओं की बिजली बिल संबंधित शिकायत रही है.पुराने मीटर के बदले स्मार्ट मीटर राजधानी रांची में उपभोक्ताओं के घर लगा दिए गए, लेकिन समस्या जस-की-तस बनी रही. कुछ ऐसी ही शिकायतें झारखंड बिजली वितरण निगम के द्वारा इन दिनों उपभोक्ताओं की समस्या के निदान के लिए लगाए गए कैंप में आ रही है.

विभाग ने भेजा 5 लाख 62 हजार का बिल

रांची के किशोरगंज निवासी एक साधारण परिवार का बिजली बिल 5 लाख 62 हजार रुपये आ गया. भारी भरकम बिजली बिल लिए हरमू पावर सब स्टेशन में लगे जेबीवीएनएल के कैंप में पहुंचे आनंद प्रकाश कहते हैं कि करकट के चार कमरे वाले घर में बिजली बिल का अचानक इतना आना हम सभी के लिए चौंकाने वाला है. घर की माली स्थिति ठीक नहीं है. चार भाई के परिवार में दो की मौत हो चुकी है. उन्होंने कहा कि एक साधारण परिवार कैसे इतना भारी भरकम बिजली बिल दे सकता है.

उन्होंने कहा कि वह कैंप में विभाग से गुहार लगाने पहुंचे हैं कि बिजली बिल का किश्तों में या तो भुगतान करने का मौका दिया जाए या इसमें माफी की जाए. उन्होंने कहा कि मामले में विभाग के अधिकारी इससे पहले भी हमें कई बार चक्कर लगवा चुके हैं, लेकिन हमें उम्मीद है कि इस कैंप के जरिए यदि कोई रास्ता निकलता है तो बहुत बड़ा काम मेरे परिवार के लिए हो जाएगा.

मीटर चोरी की भी शिकायत

इसी तरह गंगानगर के रहने वाले विकास गुप्ता कहते हैं कि 2022 में उनके घर से मीटर की चोरी हो गई थी. इसके बाद से वह दूसरा मीटर लगवाने के लिए विभाग के पास कई बार गुहार लगा चुके हैं. चोरी की सूचना थाना में दर्ज शिकायत के आवेदन के साथ जेबीवीएनएल के अधिकारियों के समक्ष पहले दे चुके हैं. इसके बावजूद भी अभी तक कोई हल नहीं निकला है.

बिजली बिल को लेकर सबसे ज्यादा शिकायतें

जेबीवीएनएल द्वारा आयोजित इस कैंप में सबसे ज्यादा शिकायत बिजली बिल को लेकर आ रही है. विगत दो दिनों में रांची अंचल में 500 से अधिक शिकायत प्राप्त हो चुकी है. जिसका समाधान कर लेने का दावा अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है.

इस संबंध में हरमू प्रक्षेत्र के कार्यपालक अभियंता अमित कुमार भगत कहते हैं कि उपभोक्ताओं की शिकायत निवारण के लिए यह कैंप लगाया गया है. इसमें बहुत सारे उपभोक्ताओं के बिजली बिल से संबंधित शिकायतें आ रही हैं. इसके अलावा बहुत सारे उपभोक्ताओं को अपने बिजली अकाउंट के बारे में जानकारी नहीं है. मोबाइल से बिजली बिल कैसे प्राप्त करें, यह जानकारी नहीं है. इन सारी समस्याओं का समाधान इस कैंप के माध्यम से किया जा रहा है. कुछ उपभोक्ता ऐसे जरूर आए हैं जिनका विभिन्न कारणों से अत्यधिक बिजली बिल है, उसका समाधान किया जा रहा है.

बहरहाल, हर दिन अलग-अलग स्थानों में कैंप लगाकर उपभोक्ताओं की समस्या का समाधान करने में जुटी झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड का यह अच्छी पहल है, बशर्ते उपभोक्ताओं के द्वारा दाखिल किए जा रहे लिखित शिकायत पर भी अमल हो और भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति ना हो.

Read more

Local News