रांचीः राजधानी में जेवर दुकानें चोरों के टारगेट पर हैं. बरियातू के बाद अब रांची के पुंदाग इलाके में चोरों ने एक जेवर दुकान को अपना निशाना बनाया. गैस कटर से जेवर दुकान का शटर काट कर चोर लाखों रुपये के गहने चुरा ले गए.
- राजधानी में आधा दर्जन से अधिक चोर अपने साथ गैस कटर लेकर घूम रहे हैं, उसी कटर का प्रयोग कर वे रात के अंधेरे में दुकानों का शटर काट रहे हैं और फिर चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं. ताजा मामला रांची के पुंदाग के शैल सिटी स्थित श्रेष्ठ ज्वेलर्स का है. इस जेवर दुकान को चोरों ने शुक्रवार की रात निशाना बनाया. जेवर दुकान का शटर काट कर पांच लाख से ज्यादा के गहने चोर अपने साथ उड़ा ले गए.
- मामले की जानकारी दुकानदार को शनिवार की सुबह हुई, जब मॉर्निंग वॉक करने वाले कुछ लोगों ने दुकान का शटर कटा हुआ देखा तो उन लोगों ने दुकानदार को मामले की जानकारी दी. जेवर दुकान के मालिक ने बताया कि पांच लाख से ज्यादा के जेवर चोरी किए गए हैं.
- सबसे ज्यादा राहत की बात तो यह है कि जेवर दुकान के अंदर तिजोरी को काट नहीं पाए वरना यह चोरी बहुत बड़ी हो सकती थी. तिजोरी को काटने के लिए चोरों ने पूरा प्रयास कियाा लेकिन वे उसमें सफल नहीं हो पाए. इसके बाद वे लोग बाहर के गहनों पर ही हाथ साफ करके चले गए.
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुंदाग पुलिस चोरों की तलाश में जुटी हुई है. हटिया डीएसपी प्रमोद मिश्रा ने बताया कि मौके पर एफएसएल की टीम से भी जांच करवाई गई है. कुछ सीसीटीवी फुटेज भी हाथ लगे हैं जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
भले ही पुलिस यह दावा कर रही है कि चोर जल्द पकड़ लिए जाएंगे. लेकिन चोरी की ये वारदात पुलिस की गश्त और मुस्तैदी दोनों पर सवाल उठा रही है. आठ से दस की संख्या में चोर सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे हैं जो अपने साथ गैस सिलेंडर और कटर दोनों लेकर घूम रहे हैं और चोरी भी कर रहे हैं, लेकिन रात में मुस्तैद रहने का दावा करने वाली पुलिस को वे नजर नहीं आ रहे हैं.


