Tuesday, April 7, 2026

रांची में चल रहे सब जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप में झारखंड का शानदार प्रदर्शन जारी है.

Share

रांची: राजधानी रांची के मोरहाबादी स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में 1 से 12 अप्रैल 2026 तक आयोजित 16वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप में सातवें दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले.

शनिवार को A डिविजन के 4 और B डिविजन के 2 मुकाबले खेले गए. सात दिनों के लीग मैचों के समापन के साथ ही B डिविजन के मैच समाप्त हो गए, जबकि A डिविजन की टीमें अब 9 अप्रैल को होने वाले क्वार्टर फाइनल के लिए तैयार हैं.

Matches of 16th Hockey India Sub Junior Women National Hockey Championship in Ranchi

झारखंड ने बिहार को 9-0 से रौंदा

मेजबान झारखंड ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए अपने दूसरे मैच में बिहार को 9-0 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की और क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली. इस एकतरफा मुकाबले में झारखंड की ओर से संदीपा कुमारी और प्रीति बिलुंग ने 2-2 गोल किए, जबकि पुष्पा मांझी, सेवानी केरकेट्टा, सुष्मिता गुड़िया, रिचा मिंज और मरियम भेंगरा ने 1-1 गोल दागे.

उत्तर प्रदेश ने मिजोरम को 1-0 से दी मात

A डिविजन के अन्य मुकाबलों में उत्तर प्रदेश ने मिजोरम को 1-0 से हराया, जिसमें वैशाली सेन ने निर्णायक गोल किया. मध्य प्रदेश ने हरियाणा को 5-1 से शिकस्त दी. इस मैच में मध्य प्रदेश की नौशीन नाज और प्रियांशी भावनार ने 2-2 गोल किए, जबकि नमी गीताश्री ने 1 गोल किया. हरियाणा की ओर से ज्योति ने एकमात्र गोल दागा. वहीं, ओडिशा ने पंजाब को 2-0 से हराया, जिसमें अर्चना कुजूर ने दोनों गोल किए.

Matches of 16th Hockey India Sub Junior Women National Hockey Championship in Ranchi

दिल्ली ने असम को 7-0 से हराया

B डिविजन के मुकाबलों में दिल्ली ने असम को 7-0 से हराया. दिल्ली की ओर से ज्योति ने 3 गोल, दीपिका ने 2 गोल, जबकि प्रिया और आशना ने 1-1 गोल किए. वहीं, तमिलनाडु और बंगाल के बीच मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ. तमिलनाडु की ओर से श्री वी. मैथ्यू और स्वाति ने गोल किए, जबकि बंगाल की दीपिका गुड़िया और क्वासीस खातून ने 1-1 गोल दागे.

Matches of 16th Hockey India Sub Junior Women National Hockey Championship in Ranchi

9 अप्रैल से नॉकआउट मुकाबले

सातवें दिन के मैचों के बाद A डिविजन से झारखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा, मिजोरम, ओडिशा, पंजाब और महाराष्ट्र की टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं. अब सभी की नजरें 9 अप्रैल को होने वाले नॉकआउट मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां सेमीफाइनल की तस्वीर साफ होगी.

Matches of 16th Hockey India Sub Junior Women National Hockey Championship in Ranchi

इस टूर्नामेंट में लगातार बेहतर प्रदर्शन और प्रतिस्पर्धा ने दर्शकों का उत्साह बढ़ा दिया है. खासकर मेजबान झारखंड की टीम से स्थानीय दर्शकों को बड़ी उम्मीदें हैं. अब देखना होगा कि क्वार्टर फाइनल में टीमें किस तरह प्रदर्शन करती हैं और कौन सी टीमें सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाती हैं.

Read more

Local News