रांचीः राजधानी के खेलगांव में चल रही ईस्ट इंडिया टाइटल फाइट 2025 के दूसरे दिन बॉक्सरों ने जबरदस्त फॉर्म दिखाते हुए दर्शकों को रोमांचित कर दिया. इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन (IABF) के बैनर तले आयोजित इस प्रतियोगिता में बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के सैकड़ों महिला और पुरुष बॉक्सर रिंग में उतरे और एक से बढ़कर एक मुक़ाबले पेश किए.
रविवार को दिनभर चले मुकाबलों में हर बाउट ने खेलगांव स्टेडियम का माहौल गर्मा दिया. खिलाड़ियों के पंच, डिफेंस और फुटवर्क ने दर्शकों को सीट से बांधे रखा. खासकर स्थानीय खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल और आत्मविश्वास दिखाया.
महिला वर्ग के मुबाबलों में मुस्कान परवीन, तोतन नंदी, हेमंती चटर्जी और प्रिया राय के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली. प्रिया राय ने पूरे मैच में आक्रामक रणनीति अपनाई और सटीक पंच लगाते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी को पराजित किया. उनके प्रदर्शन के दम पर उन्हें दिन की सर्वश्रेष्ठ बॉक्सर घोषित किया गया.
पुरुष वर्ग में मुकाबले और भी शानदार रहे. मुन्ना कुमार, अरिजित हेंब्रम, राजेश डे, हिमांशु सैकिया, रोहान, रबी फ्रांसिस, ऋषि, ज्ञानेंद्र कुमार, सचिन कुमार पांडे, गणेश गुप्ता, चिरंजीत बावरी और सचिन कुमार जैसे खिलाड़ियों ने अपने-अपने वर्ग में शानदार पंचों और तेज मूवमेंट से दर्शकों की वाहवाही लूटी. कई मैचों में अंतर बेहद मामूली रहा, जो प्रतियोगिता के उच्च स्तर को दर्शाता ह
सेमीफाइनल बाउट्स में खिलाड़ियों ने दमखम और संतुलन दोनों दिखाया. झारखंड और बिहार के बॉक्सर बेहतर तालमेल और रणनीति के साथ खेले. इंडियन टीम के युवा बॉक्सर रोहान, ऋषि और प्रिया राय ने अपने दमदार प्रदर्शन से फाइनल में जगह बनाई. इन मुकाबलों ने साबित किया कि पूर्वी भारत से अब नई प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर कदम बढ़ाने को तैयार हैं.
बॉक्सिंग फेडरेशन के सचिव प्रकाश कुमार मंडल ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल चैंपियन तय करना नहीं, बल्कि उभरती प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच देना है. उन्होंने कहा कि पूर्वी भारत के बॉक्सर लगातार सुधार कर रहे हैं. इस बार का प्रदर्शन उम्मीद से बेहतर रहा है और कई युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय शिविर में जगह बनाने के दावेदार बन गए हैं.
आयोजन के दूसरे दिन स्टेडियम में भारी संख्या में दर्शक मौजूद रहे. हर बाउट पर तालियों की गड़गड़ाहट ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया. रिंग में खिलाड़ियों का अनुशासन, तकनीक और मानसिक मजबूती खेल के स्तर को और ऊंचा कर रही है. बता दें कि फाइनल मुकाबले सोमवार 6 अक्टूबर को शाम 4 बजे से खेले जाएंगे. बॉक्सिंग प्रेमियों की निगाहें अब इन निर्णायक बाउट्स पर हैं, जिनमें यह तय होगा कि ईस्ट इंडिया टाइटल फाइट 2025 का ताज किस राज्य के सिर सजेगा.


