रांची: राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में JCI के ‘एक्सपो उत्सव’ की शुरुआत हो गई है। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने दीप प्रज्वलित कर व्यापारिक मेले का उद्घाटन किया। समारोह के दौरान स्कूली बच्चों ने राज्यपाल का स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया।
उत्पाद और बाजार के बीच कड़ी है एक्सपो
उद्घाटन कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि ऐसे आयोजन केवल सामान की प्रदर्शनी तक सीमित नहीं होते। एक्सपो स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने और नए कारोबारी अवसर पैदा करने का माध्यम बन सकता है।
उन्होंने कहा कि झारखंड में प्राकृतिक संसाधनों के साथ प्रतिभाशाली लोगों की भी कमी नहीं है। जरूरत इस बात की है कि स्थानीय उत्पादों को बेहतर ब्रांडिंग और बाजार की रणनीति के साथ आगे बढ़ाया जाए।
झारखंड के उत्पादों को मिले वैश्विक बाजार
राज्यपाल ने कहा कि झारखंड में बनने वाले उत्पादों की पहुंच सिर्फ राज्य या देश तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्हें अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की दिशा में भी प्रयास जरूरी हैं।
उन्होंने तसर सिल्क का उदाहरण देते हुए कहा कि इसकी देश-विदेश में मांग है। इसी तरह राज्य के दूसरे स्थानीय उत्पादों को भी पहचान दिलाकर बड़े बाजार से जोड़ने की जरूरत है।
युवाओं से नए विचारों को कारोबार में बदलने की अपील
राज्यपाल ने युवाओं से अपने नए विचारों को केवल योजना बनाकर छोड़ने के बजाय उन्हें व्यावहारिक रूप देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उद्यमिता के जरिए युवा अपनी क्षमता को अवसर में बदल सकते हैं।
उन्होंने व्यापार के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाने पर भी जोर दिया। राज्यपाल ने युवा उद्यमियों से जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा जैसे सामाजिक कार्यों में सहयोग करने की अपील की।
तकनीक ने कारोबार की सीमाएं घटाईं
राज्यपाल ने सोशल मीडिया और डिजिटल तकनीक का उल्लेख करते हुए कहा कि आज छोटे स्तर पर काम करने वाला कारोबारी भी अपने उत्पाद को देश-दुनिया के ग्राहकों तक पहुंचा सकता है। तकनीक ने व्यापार के लिए नए रास्ते खोले हैं।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में बड़े उद्योगों के साथ छोटे और स्थानीय उद्यमियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
29 साल से हो रहा एक्सपो का आयोजन
JCI अध्यक्ष अभिषेक जैन ने कहा कि एक्सपो उत्सव के पीछे करीब 29 वर्षों की निरंतर मेहनत है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में जुड़े लोगों के प्रयासों का उल्लेख किया और कहा कि लंबे समय से जारी प्रयासों ने इस मेले को व्यापक स्वरूप दिया है।
BHARATSUPRFASTNEWS
