रांची : इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (IAP) के तत्वावधान में रांची पेडिकॉन 2026 का आयोजन 18 से 20 सितंबर तक होटल रामाडा में किया जा रहा है। तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में झारखंड के अलावा देश के अलग-अलग राज्यों से 300 से अधिक बाल रोग विशेषज्ञ शामिल होंगे। इस वर्ष सम्मेलन की थीम ‘कनेक्ट, लर्न, इंस्पायर’ रखी गई है।
सम्मेलन के दौरान बाल चिकित्सा से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ विचार साझा करेंगे। कार्यक्रम में प्री-कॉन्फ्रेंस वर्कशॉप के साथ पेपर और पोस्टर प्रेजेंटेशन, अवॉर्ड पेपर तथा क्विज का भी आयोजन किया जाएगा। देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले विशेषज्ञ बच्चों से संबंधित जटिल बीमारियों के उपचार और आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों पर अपने अनुभव साझा करेंगे।
सम्मेलन में IAP की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. नीलम मोहन आदर्श बाल रोग विशेषज्ञ और विकसित भारत की दिशा में बाल चिकित्सा की भूमिका पर चर्चा करेंगी। नई दिल्ली के फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हार्ट इंस्टीट्यूट के डॉ. नीरज अवस्थी बच्चों में हृदय रोगों के आधुनिक उपचार पर जानकारी देंगे। कटक के SVPPGIP, SCB मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर एवं अधीक्षक डॉ. सुनील कुमार अग्रवाल्ला भी सम्मेलन में शामिल होंगे।
मुंबई के कैस्टेलिनो सूर्या हॉस्पिटल के डॉ. नील विल्बर बच्चों में डेंगू शॉक के प्रबंधन पर चर्चा करेंगे। नई दिल्ली के मैक्स हॉस्पिटल के डॉ. कुणाल कालरा बच्चों में मिर्गी से जुड़े मामलों पर केस आधारित चर्चा करेंगे। कोलकाता के अपोलो मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के डॉ. कौस्तभ चौधरी इमरजेंसी PICU केस, जबकि ICH कोलकाता के डॉ. जयदीप चौधरी लंबे समय तक ठीक न होने वाले निमोनिया के मामलों पर जानकारी देंगे।
कोलकाता के NH रवींद्रनाथ हॉस्पिटल के डॉ. सौरभ घोष बच्चों में हार्ट सर्जरी के लिए उचित समय पर चर्चा करेंगे। भुवनेश्वर के मणिपाल हॉस्पिटल के डॉ. शुभ्राजीत परिडा बच्चों में भोजन, एलर्जी या अस्थमा से होने वाली घरघराहट के कारणों पर बात करेंगे। पश्चिम बंगाल के शांतिनिकेतन मेडिकल कॉलेज के डॉ. प्रो. तापस सबुई बच्चों में इम्युनिटी की कमी से जुड़े विषय पर प्रस्तुति देंगे। पटना के चाइल्ड गैस्ट्रो एंड लिवर केयर सेंटर के निदेशक डॉ. श्रीकांत पांडे और आईरिस सुपरस्पेशलिटी आई हॉस्पिटल के डॉ. सुबोध कुमार सिंह भी विभिन्न विषयों पर अपने अनुभव साझा करेंगे।
सम्मेलन में फूड एलर्जी, डायबिटिक कीटोएसिडोसिस (DKA), बचपन के कैंसर, समय से पहले यौवनावस्था, न्यूमोकोकल बीमारी और बच्चों में एंटीबायोटिक्स के उचित इस्तेमाल जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी। आयोजकों के मुताबिक, सम्मेलन का उद्देश्य बाल चिकित्सा के क्षेत्र में नवीनतम जानकारी और उपचार पद्धतियों को डॉक्टरों तक पहुंचाना है।
मुख्य आयोजन सचिव डॉ. शक्ति पद दास ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य झारखंड के बच्चों को बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में काम करना है। उनके अनुसार, इस आयोजन से राज्य के युवा डॉक्टरों को देश के अनुभवी बाल रोग विशेषज्ञों से सीखने का अवसर मिलेगा और इसका फायदा भविष्य में बच्चों के इलाज में मिल सकता है।
रांची पेडिकॉन 2026 को लेकर आज IMA हॉल, रांची में प्रेस वार्ता भी आयोजित की जाएगी। आयोजन समिति में अध्यक्ष के रूप में डॉ. अमित मोहन, डॉ. राजेश कुमार और डॉ. पार्थ कुमार चौधरी शामिल हैं। मुख्य आयोजन सचिव डॉ. शक्ति पद दास हैं, जबकि आयोजन सचिव की जिम्मेदारी डॉ. शैलेश चंद्रा और डॉ. दीपक कुमार संभाल रहे हैं।
