Friday, March 27, 2026

रांची पुलिस ने भारतीय सेना की फर्जी मुहर बनाने वाले गिरोह का खुलासा किया है.

Share

रांची: पुलिस ने भारतीय सेना के नाम पर फर्जी मुहर बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस मामले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है. उनके पास से भारी मात्रा में फर्जी रबर स्टांप, मोबाइल, कम्प्यूटर उपकरण समेत अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है.

  • वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रांची को गुप्त सूचना मिली थी कि नामकुम स्थित मिलिट्री हॉस्पिटल परिसर के पास संचालित राठौर जनरल स्टोर के माध्यम से सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के नाम पर फर्जी मुहरें बनाई जा रही हैं. सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने नामकुम थाना से एक विशेष टीम गठित कर कार्रवाई का निर्देश दिया.
  • पुलिस टीम द्वारा की गई छापेमारी में राठौर जेनरल स्टोर से सेना के अधिकारियों के नाम पर बने कई रबर स्टांप, प्री-इंक्ड फ्लैश स्टांप, एक मोबाइल फोन, मुहर बनाने का नमूना और वॉट्सएप स्क्रीनशॉट बरामद किए गए. दुकान के संचालक सर्वेश कुमार सिंह (उम्र 43 वर्ष), निवासी कैमूर, बिहार को गिरफ्तार किया गया. जब उससे भारतीय सेना की मुहर बनाने संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका.
  • पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह विगत चार वर्षों से इस कार्य को अंजाम दे रहा है. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने फर्जी मुहरें तैयार करने वाले दास साउंड नामक दुकान के संचालक आशीष दास (उम्र 47 वर्ष) को भी गिरफ्तार किया. उसकी दुकान से एक कंप्यूटर का CPU भी बरामद किया गया है. गिरफ्तार अभियुक्तों में सर्वेश कुमार सिंह, निवासी – चाय बगान, इंटर काउंसिल, नामकुम, जिला रांची (मूल निवासी- कैमूर, बिहार), रांची के हिंदपीढ़ी थाना के लोअर पीपी कंपाउंड निवासी आशीष दास शामिल है.
  • एसएसपी चंदन सिन्हा ने दी जानकारी
  • रांची एसएसपी चंदन सिन्हा ने बताया कि पुलिस इस मामले में और भी लोगों की संलिप्तता की जांच कर रही है. उनका कहना है कि फर्जीवाड़े की यह श्रृंखला सुरक्षा के लिहाज से बेहद गंभीर है, जिस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

Read more

Local News