Monday, April 6, 2026

रांची के JSCA स्टेडियम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले ODI मैच के टिकटों की कालाबाजारी को लेकर प्रशासन सख्त है.

Share

रांची: राजधानी रांची के JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम में 30 नवंबर को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे मुकाबला खेला जाना है. लंबे समय बाद रांची में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी ने पूरे शहर में उत्साह का माहौल बना दिया है.

इस उत्साह का असर टिकट काउंटरों पर भी देखने को मिल रहा है, जहां हजारों लोग सुबह से ही टिकट पाने के लिए कतार में खड़े दिखाई दिए. मंगलवार और बुधवार को भारी भीड़ को देखते हुए JSCA ने फैसला लिया है कि कल भी टिकट बिक्री जारी रहेगी, ताकि अधिक से अधिक प्रशंसकों को टिकट मिल सके और अनियंत्रित भीड़ से बचा जा सके

सुबह होते ही JSCA स्टेडियम के गेट नंबर 2 और गेट नंबर 3 के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. कई लोग रात में ही स्टेडियम के पास पहुंच गए थे, ताकि लाइन में आगे रहकर टिकट ले सकें. बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा बलों ने बैरिकेडिंग की और लोगों को व्यवस्थित तरीके से लाइन में लगाने की कोशिश की. पुलिस लगातार लाउडस्पीकर से शांत रहने और धक्का-मुक्की नहीं करने की अपील कर रही थी.

इसी भीड़ के बीच टिकटों की कालाबाजारी भी सामने आने लगी है. कुछ लोग टिकट लेकर उसे कई गुना कीमत पर बेचने की कोशिश कर रहे थे. इस पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है. बुधवार की दोपहर JSCA के बाहर पुलिस अधिकारियों ने कई संदिग्ध लोगों को चेतावनी दी और कुछ को वहां से हटाया भी. पुलिस टीम लगातार निगरानी में है ताकि कोई भी व्यक्ति टिकटों का दुरुपयोग या अवैध बिक्री न कर सके.

एक अधिकारी ने बताया कि स्टेडियम के बाहर और आसपास सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जो कालाबाजारी करने वालों पर नजर रखेंगे. भीड़ अधिक होने पर पुलिस ने लाठी से हल्की चेतावनी देकर भीड़ को पीछे करने का प्रयास किया, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था या हादसा न हो.

कल टिकट बिक्री जारी रहने के कारण JSCA और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से भीड़ प्रबंधन की रूपरेखा तैयार की है. इसमें काउंटरों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, एंट्री पॉइंट पर बहु-स्तरीय बैरिकेडिंग, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग लाइन, टिकट बिक्री के दौरान लाइव मॉनिटरिंग, ट्रैफिक पुलिस द्वारा रूट डायवर्जन जैसे प्रबंध शामिल हैं. अधिकारियों का मानना है कि बुधवार की तुलना में गुरुवार को और भी बड़ा हुजूम उमड़ सकता है, क्योंकि मैच का दिन करीब है.

प्रशासन की अपील

पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी परिस्थिति में कालाबाजारी से टिकट न खरीदें और न ही किसी संदिग्ध व्यक्ति के संपर्क में आएं. उन्होंने यह भी कहा कि JSCA पर्याप्त संख्या में टिकट उपलब्ध करा रहा है, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है.

30 नवंबर के वनडे मुकाबले को लेकर रांची में क्रिकेट का जोश चरम पर है. इसी जोश ने टिकट काउंटरों पर भारी भीड़ और कालाबाजारी की स्थितियां पैदा की हैं. हालांकि प्रशासन की तत्परता, कड़ी निगरानी और भीड़ प्रबंधन के बीच उम्मीद है कि गुरुवार को टिकट वितरण प्रक्रिया शांतिपूर्ण और नियंत्रित तरीके से संपन्न होगी. JSCA और पुलिस दोनों पूरी तैयारी में हैं, ताकि प्रशंसक बिना किसी परेशानी के टिकट लेकर अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को मैदान में देख सकें.

Read more

Local News