Tuesday, August 11, 2026

रांची: SBU में विश्व स्तनपान सप्ताह पर जागरूकता कार्यक्रम, मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर हुई चर्चा.

Share

रांची। विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर सरला बिरला विश्वविद्यालय (SBU) के जी.डी. बिरला ऑडिटोरियम में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महादेवी बिरला नर्सिंग इंस्टीट्यूट की ओर से आयोजित कार्यक्रम में स्तनपान के महत्व, शिशु पोषण और मां-बच्चे के बेहतर स्वास्थ्य में इसकी भूमिका पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम की थीम ‘जीवन में सतत और स्वस्थ शुरुआत के लिए प्रभावी स्तनपान एवं इसकी आवश्यकता’ रखी गई थी। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को स्तनपान से जुड़े स्वास्थ्य, पोषण और सामाजिक पहलुओं के प्रति जागरूक करना था।

विद्यार्थियों ने दी प्रस्तुतियां

कार्यक्रम की शुरुआत बीएससी नर्सिंग चौथे सेमेस्टर की छात्रा अंजलि कुमारी के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए विश्व स्तनपान सप्ताह की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।

इसके बाद नर्सिंग विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। चौथे सेमेस्टर की छात्रा इशिका कुमारी ने विश्व स्तनपान सप्ताह को लेकर विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने स्तनपान के वैज्ञानिक, स्वास्थ्य संबंधी और सामाजिक महत्व पर अपने विचार रखे।

स्तनपान को बताया मातृ-शिशु स्वास्थ्य का अहम आधार

महादेवी बिरला नर्सिंग इंस्टीट्यूट की प्राचार्या डॉ. सुबानी बाड़ा ने कहा कि मां का दूध नवजात के शुरुआती स्वास्थ्य और पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने नर्सिंग विद्यार्थियों से अपील की कि भविष्य में स्वास्थ्यकर्मी के रूप में वे माताओं को स्तनपान के सही तरीकों और इससे जुड़ी जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

संस्थान के प्रशासक आशुतोष द्विवेदी ने स्वास्थ्य और पोषण को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण की शुरुआत मां और बच्चे के अच्छे स्वास्थ्य से होती है।

सामाजिक जिम्मेदारी के साथ स्वास्थ्य शिक्षा पर जोर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. श्वेता सिन्हा ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य जागरूकता के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी सजग रहने का संदेश दिया।

डीन प्रो. नीलिमा पाठक ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों को किताबों में मिली जानकारी से आगे बढ़कर सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी विषयों को समझने का अवसर देते हैं। उन्होंने ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान और सामाजिक जिम्मेदारी के विकास के लिए उपयोगी बताया।

कार्यक्रम के अंत में श्रीमती निशा कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। सरला बिरला विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान, महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. सी. जगनाथन और राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने आयोजन की सफलता पर आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में नर्सिंग संस्थान के शिक्षक, विद्यार्थी, प्रशासनिक अधिकारी और अन्य अतिथि मौजूद रहे।

Read more

Local News