Thursday, April 16, 2026

राँची : घर में खड़ी कार – बाइक का भी कट रहा ट्रैफिक चालान !

Share

रांची में ऐसे कई मामले आए हैं जिसमें गाड़ी घर में खड़ी है, लेकिन उनका ट्रैफिक चालान कट गया. चालान को देखकर लोग हैरानी में पड़ जा रहे हैं, क्योंकि उनके पास चार पहिया वाहन है और चालान दोपहिया वाहनों का पहुंच रहा है. रांची के ट्रैफिक एसपी सुरेश करमाली ने बताया कि ऐसे मामले ट्रैफिक थानों में रिपोर्ट किए गए हैं, जिसके बाद वैसे तमाम वाहनों की तलाश शुरू कर दी गई है जो नंबर प्लेट बदलकर चोरी के वाहन छिपाने के लिए या फिर फाइन से बचने के लिए शहर में घूम रहे हैं.

इस तरह के मामले आने के बाद ये आशंका जताई जा रही है कि हो सकता है कोई और शख्स आपके वाहन के नंबर का इस्तेमाल कर हो. ऐसे भी आशंका है कि वह चोर हो, या फिर ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन और फाइन से बचने के लिए भी लोग इस जुगत का इस्तेमाल कर रहे हैं. ऑटोमेटिक चालान की वजह से इस बात का खुलासा हुआ है. जिसके बाद ट्रैफिक पुलिस वैसे वाहनों की तलाश में जुट गई है जो नंबर प्लेट बदल कर चोरी के वाहनों का इस्तेमाल राजधानी में कर रहे हैं.

रांची के ट्रैफिक एसपी सुरेश करमाली ने बताया कि अगर किसी व्यक्ति के चार पहिया वाहन का चालान कटा है और चालान में फोटो दो पहिया वाहन का है वे तुरंत ट्रैफिक एसपी के कचहरी स्थित कार्यालय में संपर्क करें. पीड़ित से एक आवेदन लेकर उनके चालान को रद्द कर दिया जाएगा और नंबर प्लेट बदलकर वाहन चलाने वाले शख्स की तलाश शुरू कर दी जाएगी.

Read more

Local News