रणदीप हुड्डा आज, 10 मार्च को डबल सेलिब्रेशन कर रहे है. आज उनके पिता रणबीर हुड्डा का जन्मदिन है. वहीं, आज उनके घर में किलकारी गूंजी है. उनकी पत्नी लिन ने एक बेटी को जन्म दिया है, जिससे हुड्डा फैमिली में डबल सेलिब्रेशन का माहौल छा गया है.
मंगलवार को रणदीप हुड्डा ने अपने इंस्टाग्राम पर 2 खास तस्वीरें पोस्ट की. उन्होंने बड़े ही खास अंदाज में फैंस को गुड न्यूज दी. तस्वीरें शेयर करते हुए रणदीप हुड्डा ने कैप्शन में लिखा है, ‘दादा अर पोती नै जन्मदिन की घणिए बधाई.’
उन्होंने आगे पोस्ट में लिखा है, ‘आज, जब मैं पिता बन गया हूं, तो आपके लिए मेरी तारीफ और भी बढ़ गई है, पापा. और सबसे जरूरी बात – लिन, मुझे पिता बनाने और हमारी छोटी बच्ची को इस दुनिया में लाने के लिए आपका शुक्रिया. एक छोटी बच्ची और जिंदगी भर का प्यार.’
पहली तस्वीर में रणदीप के पिता रणबीर हुड्डा को अपनी पोती को गोद में लिए हुए देखा जा सकता है. उनके चेहरे पर खुशी साफ झलक रही है. वहीं दूसरी तस्वीर में न्यू बॉर्न बेबी गर्ल के हाथ की झलक दिखाई गई है.
दिलेर मेंहदी, अंकिता लोखंडे, दर्शन कुमार जैसे सितारों ने कपल को बेबी के आने की खुशी में शुभकामनाएं दी है. वहीं, फैंस ने भी लाल दिल वाला इमोजी शेयर कपल पर को बधाई देते हुए उनपर प्यार लुटाया है.
बीते सोमवार को रणदीप और लिन ने एक ज्वाइंट पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने मैटरनिटी शूट की मनमोहक तस्वीरें साझा कीं. तस्वीरों में एक्टर लिन के बेबी बंप पर हाथ रखते हुए मुस्कुरा रहे थे. कपल ने इस पोस्ट को दिल वाले इमोजी से जोड़ा था.
बता दें, रणदीप हुड्डा और लिन लैशराम ने अपनी दूसरी शादी की सालगिरह यानी 29 नवंबर, 2025 को अपनी प्रेग्नेंसी का एलान किया था. रणदीप और लिन ने 29 नवंबर, 2023 को इम्फाल में एक पारंपरिक मेइतेई विवाह समारोह में लिन से शादी की थी. उनकी शादी की तस्वीरों ने सभी का दिल जीत लिया था.


