रामगढ़: सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश चंद्रशेखर शनिवार को रामगढ़ जिले के रजरप्पा स्थित प्रसिद्ध मां छिन्नमस्तिका मंदिर पहुंचे। उनके आगमन पर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने मंदिर में मां छिन्नमस्तिका की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
पुजारियों ने कराया विधिवत पूजन
मंदिर के पुजारी सोनू पंडा, स्वरूप पंडा समेत अन्य पुजारियों ने न्यायाधीश को निर्धारित धार्मिक विधि के अनुसार पूजा कराई। पूजा के दौरान उन्होंने नारियल अर्पित किया और रक्षा सूत्र भी बंधवाया। इस दौरान उन्होंने देश में शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
पूजा के बाद न्यायाधीश ने कुछ समय मंदिर परिसर में बिताया। उनके रजरप्पा पहुंचने पर मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष अशेष पंडा और सचिव शुभाशीष पंडा के नेतृत्व में सदस्यों ने उनका स्वागत किया। समिति की ओर से उन्हें मां छिन्नमस्तिका मंदिर का प्रतीक चिह्न भी भेंट किया गया।
सुरक्षा व्यवस्था रही कड़ी
सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के दौरे को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई थी। पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी लगातार सुरक्षा इंतजामों की निगरानी करते रहे। न्यायाधीश के मंदिर पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय श्रद्धालुओं और लोगों में भी उत्सुकता नजर आई।
कई न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
न्यायाधीश चंद्रशेखर के मंदिर दौरे के दौरान झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश दीपक रोशन, रजिस्ट्रार जनरल सत्य प्रकाश सिन्हा, रामगढ़ के प्रधान न्यायाधीश मो. तौफीकुल हुसैन, कुटुंब न्यायालय के जिला न्यायाधीश राजीव आनंद, शुभेंदु द्विवेदी समेत कई न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज, एसपी मुकेश लूणायत, डीएफओ नीतीश कुमार, चितरपुर के सीओ दीपक मिंज और रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार सहित प्रशासन एवं पुलिस के अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
