रांची : झारखंड हाईकोर्ट की उच्च न्यायालय इकाई की ओर से अधिवक्ता परिषद का स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। हाईकोर्ट के हॉल-5 में हुए कार्यक्रम में महिला आरक्षण और परिसीमन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। इस दौरान अधिवक्ता मनोज टंडन समेत अन्य वक्ताओं ने दोनों विषयों के विभिन्न पहलुओं की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय संगठन आयाम प्रमुख राजेंद्र कुमार मिश्रा ने अधिवक्ता परिषद के गठन से लेकर वर्तमान समय तक के सफर पर प्रकाश डाला। उन्होंने संगठन के विकास, उसकी वैचारिक प्रतिबद्धताओं और अधिवक्ताओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
महिला आरक्षण और परिसीमन पर चर्चा
समारोह में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संवैधानिक एवं व्यावहारिक पहलुओं पर विचार-विमर्श हुआ। अधिवक्ता मनोज टंडन और अन्य अतिथियों ने विषय से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं को सामने रखा और उपस्थित अधिवक्ताओं के साथ जानकारी साझा की।
झारखंड हाईकोर्ट इकाई के अध्यक्ष अनिल कुमार कश्यप ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने अधिवक्ता परिषद से जुड़े विभिन्न विषयों और संगठन की भूमिका पर अपने विचार रखे।
पदाधिकारियों ने किया अतिथियों का स्वागत
कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता अवनीश रंजन मिश्रा ने किया। परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष प्रशांत विद्यार्थी भी समारोह में मौजूद रहे। झारखंड हाईकोर्ट इकाई की कोषाध्यक्ष रंजना मुखर्जी, महामंत्री पवन कुमार पाठक और दिवाकर झा ने स्वागत भाषण दिया।
समारोह में एडवोकेट्स एसोसिएशन, झारखंड हाईकोर्ट के अध्यक्ष एवं वरीय अधिवक्ता अजीत कुमार, वरीय अधिवक्ता एम.एम. पाल, लीना मुखर्जी, प्रशांत विद्यार्थी, रंजना मुखर्जी, अमन कुमार, नेहा, ज्योति गुप्ता, रवि शंकर, मनोज झा, अजय कुमार पाठक, नीरज नयन मिश्रा, जितेंद्र त्रिपाठी, आकाश दीप, उज्ज्वल जयपुरियार, विशाल कुमार, ऋषभ पाठक और विजयंत कुमार समेत कई अधिवक्ता उपस्थित थे।
