दानापुर से हडपसर (पुणे) के लिए एक वन-वे स्पेशल ट्रेन 23 मार्च 2026 को चलेगी, जिसमें 18 शयनयान कोच होंगे। इसके अतिरिक्त, समस्तीपुर और मुंबई के बीच 23 अप्रैल से 16 जुलाई तक एक साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन चलेगी।
पटना। यात्रियों की अत्यधिक भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दानापुर से हडपसर (पुणे) के लिए एक वन-वे स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
यह ट्रेन आरा, डीडीयू, प्रयागराज छिवकी और जबलपुर के रास्ते संचालित होगी। रेलवे के अनुसार, इस स्पेशल ट्रेन में शयनयान श्रेणी के 18 कोच लगाए जाएंगे, जिससे लंबी दूरी के यात्रियों को राहत मिलेगी।
गाड़ी संख्या 03276 दानापुर-हडपसर वन-वे स्पेशल ट्रेन 23 मार्च 2026 को दानापुर से रात 8:55 बजे प्रस्थान करेगी। मार्ग में यह 9:27 बजे आरा पहुंचेगी।
आरा, बक्सर, डीडीयू होते बढ़ेगी पुणे
वहां से 10:09 बजे बक्सर, 24 मार्च को 12:15 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू), 2:45 बजे प्रयागराज छिवकी और सुबह 9:00 बजे जबलपुर सहित अन्य स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
इसके बाद ट्रेन 25 मार्च 2026 को सुबह 5:00 बजे हडपसर (पुणे) पहुंचेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह विशेष ट्रेन भीड़ के दबाव को कम करने और यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा देने के उद्देश्य से चलाई जा रही है।
मुंबई के लिए समर स्पेशल 23 अप्रैल से
इधर समस्तीपुर-मुंबई के बीच समर स्पेशल (01043/01044) का परिचालन होगा। यह ट्रेन 23 अप्रैल से साप्ताहिक चलेगी। समस्तीपुर से ट्रेन संख्या 01044 हर गुरुवार को रात 3:00 बजे प्रस्थान करेगी।
वापसी में लोकमान्य तिलक टर्मिनस से यह ट्रेन हर मंगलवार को रवाना होगी। यह दानापुर, मुजफ्फरपुर के रास्ते समस्तीपुर तक जाएगी।
इस ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे जिनमें 15 तृतीय श्रेणी, तीन द्वितीय श्रेणी व एक प्रथम श्रेणी की वातानुकूलित बोगिया रहेंगी। यह ट्रेन 23 अप्रैल से 16 जुलाई तक चलेगी।


