उत्तर पश्चिम बिहार से मणिपुर तक निम्न दबाव के कारण बिहार के मौसम (Bihar Weather) में बदलाव के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ आंधी-पानी की चेतावनी जारी की है, जो 9 अप्रैल तक जारी रहेगी
पटना। उत्तर पश्चिम बिहार से मणिपुर तक एक निम्न दबाव का क्षेत्र बने होने के कारण मौसम में बदलाव के आसार है।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के Weather Forecast के अनुसार, राज्य में आंशिक बादल छाए रहने के साथ मेघ गर्जन, वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
राज्य में 9 अप्रैल तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। उत्तर पश्चिम भागों के जिलों के अलावा औरंगाबाद, बांका, भभुआ, गयाजी, नवादा एवं रोहतास जिले के एक या दो स्थानों पर आंधी-पानी को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
तापमान में आएगी गिरावट
अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की क्रमिक गिरावट होने की संभावना है। शनिवार को गयाजी में 62 किमी प्रति घंटे हवा की गति दर्ज की गई।
मौसम में बदलाव आने के साथ पटना सहित 25 जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पटना का अधिकतम में 1.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने के साथ 37.8 डिग्री सेल्सियस एवं 38.4 डिग्री सेल्सियस के साथ शेखपुरा का सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया।
बीते 24 घंटों के दौरान गयाजी के शेरघाटी में 36.0 मिमी, औरंगाबाद के मदनपुर में 5.4 मिमी, गयाजी के बाराचट्टी में 2.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई। राजधानी सहित आसपास का मौसम सामान्य बना रहा।
| शहर | अधिकतम (°C) | न्यूनतम (°C) |
|---|---|---|
| पटना | 39.4 | 25.5 |
| गयाजी | 39.8 | 20.6 |
| मुजफ्फरपुर | 37.8 | 23.6 |
| भागलपुर | 38.7 | 23.2 |


