रांची, 4 नवंबर 2026: रांची जिले के नए शहर काजी के रूप में मौलाना यूसुफ मिफ्ताही को नियुक्त किया गया है। झारखंड सरकार के राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग ने उन्हें शहर काजी के साथ विवाह निबंधक घोषित किया है। राज्यपाल के आदेश पर इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है।
निकाह पढ़ाने और विवाह प्रमाण-पत्र जारी करने का अधिकार
सरकारी अधिसूचना के अनुसार, मौलाना यूसुफ मिफ्ताही को रांची जिले के भारतीय मुस्लिम समुदाय के बीच निकाह की रस्म अदा कराने और विवाह प्रमाण-पत्र जारी करने की अनुमति दी गई है। अब जिले में इस जिम्मेदारी का निर्वहन वे करेंगे।
33 वर्षों से मक्का मस्जिद में दे रहे हैं सेवा
मौलाना यूसुफ मिफ्ताही पिछले 33 वर्षों से हिंदपीढ़ी स्थित मक्का मस्जिद में इमाम की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। वर्ष 1993 से वे लगातार यहां नमाज पढ़ाते आ रहे हैं।
उन्होंने दीनी तालीम के साथ-साथ अलग-अलग शिक्षा बोर्ड से भी पढ़ाई की है। उन्होंने पटना बोर्ड से फोकानिया, इलाहाबाद बोर्ड से आलिम और उत्तर प्रदेश के मऊनाथ भंजन से फाजिल की डिग्री हासिल की है।
नियुक्ति पर उलेमा और समाज के लोगों ने दी बधाई
शहर काजी की जिम्मेदारी मिलने पर मौलाना यूसुफ मिफ्ताही ने झारखंड सरकार के मंत्री हफीजुल हसन अंसारी, राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग और नियुक्ति में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।
उनकी नियुक्ति से रांची के उलेमा और मुस्लिम समाज के लोगों में खुशी है। इस अवसर पर वार्ड पार्षद मो. असलम, मो. इस्माइल अंसारी, कारी खुर्शीद, खालिद सैफुल्लाह, हाजी शरिक नदीम, हाजी असलम फलवाले, हाजी मुईनुद्दीन अंसारी, अनवर हुसैन, मुफ्ती कमर आलम कासमी, कारी अंसारुल्लाह, मुफ्ती तल्हा नदवी, मौलाना तल्हा नदवी, मुफ्ती सलमान कासमी, कारी सोहेब अहमद, पत्रकार आदिल रशीद, मौलाना रिजवान, मुफ्ती मोहम्मद दुल्ला और मौलाना शौकत सहित कई लोगों ने उन्हें बधाई दी।
BHARATSUPERFASTNEWS
