मौनी रॉय और सूरज नांबियार ने आज, 14 मई को एक संयुक्त बयान जारी किया है, जिसमें उन्होंने आधिकारिक तौर पर अपने अलग होने की पुष्टि की है और इस मुश्किल समय में निजता बनाए रखने का अनुरोध किया है. मौनी और सूरज ने फैंस से ‘झूठी खबरें’ फैलाना बंद करने की अपील की है.
गुरुवार को मौनी रॉय और सूरज नांबियार ने आधिकारिक तौर पर अपने अलग होने की अनाउंसमेंट की है. जारी किए गए बयान में उन्होंने लिखा है, ‘हमें यह देखकर बहुत निराशा हुई है कि मीडिया के कुछ हिस्सों ने हमारी निजी जिंदगी में बेवजह और दखल देने वाला ध्यान दिया है. हम यह बताना चाहते हैं कि हमने अलग होने का फैसला कर लिया है और हम इस मामले को निजी तौर पर और आपसी सहमति से सुलझाने के लिए जरूरी समय ले रहे हैं.’
झूठी खबरों के बारे में बाते करते हुए उन्होंने आगे बयान में लिखा है, ‘हमारी निजी जिंदगी को सनसनीखेज बनाने की कोशिशें की गई हैं, जिसके लिए मनगढ़ंत कहानियां और सरासर झूठी बातें फैलाई गई हैं. ये बातें हमारे रिश्ते की असलियत को नहीं दिखातीं. अपनी बदलती हुई निजी प्राथमिकताओं पर गहराई से सोचने के बाद, हमने आपसी सहमति से, एक-दूसरे का सम्मान करते हुए और एक-दूसरे को समझते हुए, अलग-अलग रास्तों पर आगे बढ़ने का फैसला किया है. इस समय, हमारा पूरा ध्यान इस दौर को सोच-समझकर और निजी तौर पर संभालने पर है.’
अपने रिश्ते को बरकरार रखते हुए मौनी और सूरज ने अपने बयान के आखिरी में लिखा है, ‘हम आने वाले समय में भी अपनी दोस्ती को संजोकर रखने की पूरी कोशिश करेंगे. हम आपकी समझदारी, हमारी निजता के प्रति आपके सम्मान और इस मुश्किल समय में हमें दिए गए आपके लगातार समर्थन की तहे दिल से सराहना करते हैं.’
कौन हैं सूरज नांबियार?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सूरज नांबियार एक बिजनेसमैन और इन्वेस्टमेंट बैंकर हैं. उनका जन्म बेंगलुरु में हुआ था. वह काम के सिलसिले में दुबई में रहते थे. उन्होंने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस से फाइनेंशियल और मैनेजरियल अकाउंटिंग की पढ़ाई की है. यह भी कहा जाता है कि अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने दुबई में अपने पिता का बिजनेस संभाल लिया था.
लव स्टोरी
मौनी रॉय ने सूरज नांबियार के साथ अपने रिश्ते को प्राइवेट रखा था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों की मुलाकात 2019 में दुबई में नए साल के जश्न के दौरान कुछ कॉमन दोस्तों के जरिए हुई थी. दो साल तक डेट करने के बाद, मौनी मंदिरा बेदी के घर पर सूरज के माता-पिता से मिलीं.
मौनी रॉय और सूरज नांबियार की शादी
मौनी और सूरज ने 27 जनवरी 2022 को गोवा में डेस्टिनेशन वेडिंग की. मौनी और सूरज की शादी कैंडोलिम के हिल्टन गोवा रिज़ॉर्ट में हुई थी, जिसमें मलयाली और बंगाली, दोनों ही परंपराओं का पालन किया गया था. शादी के कार्यक्रमों में करीबी दोस्त और परिवार के सदस्य शामिल हुए थे.


