Saturday, July 11, 2026

मुजफ्फरपुर में बड़ा फेरबदल, इंस्पेक्टर सहित 1000 से अधिक पुलिसकर्मी बदले गए; सामने आई बड़ी वजह

Share

तिरहुत रेंज के मुजफ्फरपुर समेत चार जिलों में 1059 पुलिसकर्मियों का तबादला हुआ है जिनमें इंस्पेक्टर दारोगा जमादार हवलदार और सिपाही शामिल हैं। डीआईजी की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया जिसमें पांच साल से ज़्यादा समय से जमे पुलिसकर्मियों को दूसरे जिलों में भेजा गया है। कई थानों के थानाध्यक्ष भी बदल जाएंगे।

मुजफ्फरपुर। तिरहुत रेंज के चार जिलों में पांच वर्ष या उससे अधिक समय से जमे 1059 पुलिसकर्मियों का तबादला किया गया है।

इसमें 21 पुलिस इंस्पेक्टर, 243 दारोगा, 25 जमादार, 29 हवलदार, 669 सिपाही समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल है।

शनिवार को डीआइजी चंदन कुमार कुशवाहा की अध्यक्षता में क्षेत्र के एसएसपी व एसपी के साथ स्थानांतरण समिति की बैठक के बाद तबादला पर अंतिम मुहर लगी।

बताया गया कि 31 मई तक पांच वर्ष या उससे अधिक अवधि (क्षेत्रावधि अपूर्ण) तक पदस्थापित सिपाही संवर्ग से पुलिस निरीक्षक एवं समकक्ष कोटि के पुलिस पदाधिकारियों व कर्मियों के स्थानांतरण किया गया है।

इसमें तिरहुत रेंज के अंतर्गत आने वाले मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, वैशाली व शिवहर जिले के पुलिसकर्मी शामिल हैं। इन सभी का तबादला वर्तमान पदस्थापित जिलों, इकाई से क्षेत्र के अन्यत्र जिलों व इकाई में किया गया हैं।

तबादला सूची के अनुसार मुजफ्फरपुर से नौ, वैशाली से छह, सीतामढ़ी से पांच और शिवहर से एक पुलिस इंस्पेक्टर का तबादला किया गया है।

दारोगा में मुजफ्फरपुर से 98, वैशाली से 102 और सीतामढ़ी से 43 का बदली हुआ है। एएसआइ (जमादार) रैंक के पुलिसकर्मियों में मुजफ्फरपुर से आठ, वैशाली से नौ, सीतामढ़ी से सात और शिवहर से एक शामिल है।

वहीं हवलदार में मुजफ्फरपुर से 11, वैशाली से 10, सीतामढ़ी से पांच और शिवहर से तीन का बदली किया गया है।

इसके अलवा सिपाही में मुजफ्फरपुर से 244, वैशाली से 206, सीतामढ़ी से 143 और शिवहर से 75 का स्थानांतरण किया गया है।

इसके अलावा चालक सिपाही समेत अन्य पुलिसकर्मी तबादला सूची में शामिल किए गए हैं। बैठक में मुजफ्फरपुर के एसएसपी सुशील कुमार, वैशाली, सीतामढ़ी व शिवहर के एसपी मौजूद थे।

बता दें कि इन पुलिस पदाधिकारियों, कर्मियों का स्थानांतरण कंप्यूटर साफ्टवेयर के माध्यम से रेंडामाइजेसन द्वारा किया गया हैं।

कई थानों के बदल जाएंगे थानाध्यक्ष व अपर थानेदार

तबादले सूची कई थानों के थानाध्यक्ष व अपर थानाध्यक्ष भी शामिल हैं। इसके कारण जिले समेत अन्य जगहों के थानाध्यक्ष व अपर थानाध्यक्ष भी बदल जाएंगे।

ये सभी ऐसे पुलिसकर्मी है, जो पांच वर्ष या उससे अधिक की अवधि पूरी कर चुके है। इन जगहों पर नए थानाध्यक्षों की तैनाती की जाएगी।

Read more

Local News