रांचीः मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को रांची शहर से कुछ ही दूरी पर स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जोन्हा फॉल पहुंचे, जहां उन्होंने प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया. इस दौरान उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी उनके साथ मौजूद थीं. हरी-भरी वादियों, घने जंगलों और कल-कल बहती जलधारा के बीच मुख्यमंत्री ने कुछ समय प्रकृति के बीच बिताया. उन्होंने स्थानीय फलों का स्वाद भी लिया और आसपास के लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं.
- मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की प्राकृतिक संपदा पूरे देश के लिए आकर्षण का केंद्र है. जोन्हा फॉल की निर्मल जलधारा, शांत वातावरण और हरियाली यह अहसास कराती है कि झारखंड वास्तव में प्रकृति का अनुपम उपहार है. उन्होंने कहा कि यह हमारी साझा धरोहर है, जिसकी रक्षा और संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.
- मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि झारखंड के किसी भी हिस्से में जाएं, प्रकृति अपने अलग-अलग रंगों में हर किसी का स्वागत करती है. उन्होंने राज्य में आने वाले सभी पर्यटकों का स्वागत करते हुए कहा कि झारखंड की यह अनुपम धरती सभी सैलानियों का खुले दिल से अभिनंदन करती है.
जोन्हा फॉल्स की अहमियत
रांची से लगभग 40 किलोमीटर दूर स्थित जोन्हा फॉल, जिसे गौतमधारा के नाम से भी जाना जाता है, झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है. करीब 140 फीट की ऊंचाई से गिरता इसका झरना, चारों ओर फैली हरियाली और प्राकृतिक वातावरण देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है. मानसून के मौसम में इसकी सुंदरता और भी मनमोहक हो जाती है, जिससे यह राज्य के पर्यटन की पहचान बन चुका है


