रांचीः राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मिलने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अचानक लोक भवन पहुंचे. लोकभवन में शिष्टाचार भेंट के तहत पहुंचे मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकास एवं लोक-कल्याणकारी योजनाओं के कार्यान्वयन की जानकारी दी.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम, दावोस तथा यूनाइटेड किंग्डम की अपनी हालिया यात्रा के संबंध में भी अवगत कराते हुए कहा कि इस दौरान राज्य की निवेश-उन्मुख नीतियों तथा सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता को वैश्विक समुदाय के समक्ष प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया. इस यात्रा के परिणामस्वरूप राज्य को विभिन्न निवेश प्रस्ताव भी प्राप्त हुए, जो औद्योगिक विविधीकरण, रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं आर्थिक सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है.
मुलाकात के दौरान विधानसभा सदस्य कल्पना सोरेन एवं राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी मौजूद थे. इधर मुख्यमंत्री के अचानक राज्यपाल से मिलने की खबर के बाद चर्चा का दौर शुरू हो गया.

सीएम हेमंत सोरेन से मिली केंद्रीय सरना समिति
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से झारखंड विधानसभा परिसर में केंद्रीय सरना समिति, कांके के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाक़ात की. प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को आगामी सरहुल पूजा की 47वें वर्ष की पूर्व संध्या के अवसर पर आयोजित झारखंड स्तरीय नागपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया. यह कार्यक्रम 19 मार्च को सरना मैदान, कांके में आयोजित किया जाएगा.
इस अवसर पर केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष रंजीत टोप्पो, सचिव सूरज टोप्पो, संरक्षक सुमित टोप्पो, फूलमनी टोप्पो, मोहन उरांव, पेपला पाहन, गुड़िया टोप्पो एवं मनीष कुमार उपस्थित थे. इस मौके पर विधायक राजेश कच्छप एवं श्री सुरेश कुमार बैठा भी मौजूद थे.


