Monday, June 15, 2026

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खिजरसराय में प्रौद्योगिक केंद्र के भूमि पूजन के बाद बिहार में कोचिंग व्यवस्था समाप्त करने और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की घोषणा की।

Share

लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतनराम मांझी,  सीएम सम्राट चौधरी और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार। (सोशल मीडिया)

गयाजी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को खिजरसराय में प्रौद्योगिक केंद्र की भूमि पूजन के बाद कहा कि बिहार के 211 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोले जा रहे हैं।

सभी प्रखंडों में माडल स्कूल खोले जाएंगे। इन स्कूलों में ऐसी शिक्षा की गुणवत्ता होगी कि नेता और अफसर के बच्चे भी इसमें पढ़ेंगे। उस दिन मेरा सपना पूरा होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में सरस्वती विद्या निकेतन बना रहे हैं। कोचिंग सिस्टम को बिल्कुल खत्म होगी।विद्यालय में बदलाव जरूरी है।

इसके लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। इससे पहले कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी, बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, प्रभारी सह कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, लघु सिंचाई मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन, विधायक रोमित कुमार ने प्रौद्याेगिकी केंद्र का शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी को खिजरसराय और अतरी को मुख्यधारा में लाने के लिए धन्यवाद देते हैं। हम भगवान श्रीराम के वंशज लव-कुश हैं।

माता सीता के श्राप से फल्गू नदी को मुक्त कराएंगे। उपस्थित जनसमूह को मुख्यमंत्री ने विश्वास दिलाया कि इंद्रपुरी जलाशय, सोन नदी और बाण सागर समझौता से पर्याप्त पानी को हर हालत में फल्गू नदी में लाने का काम किया जाएगा।

तीन नोटिस के बाद 31 वें दिन पदाधिकारी होंगे सस्पेंड

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे राज्य में कल सहयोग शिविर का आयोजन है। हमने व्यवस्था कर दी है कि किसी भी समस्या के समाधान के लिए आवेदन देते हैं तो 10 दिन में समाधान नहीं होता है तो 11वें दिन संबद्ध पदाधिकारी को पहला नोटिस जाएगा।

20 दिन में नहीं करते हैं तो 21वें दिन दूसरा नोटिस जाएगा, 25 दिन में नहीं होता है तो 26वें दिन तीसरा नोटिस जाएगा और 30 दिन में आवेदन का निष्पादन नहीं करेगा तो 31वें दिन निलंबन का नोटिस जाएगा। आम लोगों की समस्या का समाधान हर हालत में करना है।

31 वें दिन मुख्यमंत्री के आदेश से परमिट मिल जाएगा

उन्होंने कहा कि उद्योग विभाग के मंत्री श्रेयसी सिंह को धन्यवाद देते हैं कि बिहार में उद्योग लगाने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है।

उद्योग विभाग में उद्योग लगाने के लिए जो आवेदन करेंगे। अगर क्लीयरेंस नहीं होता है तो 31 वें दिन मुख्यमंत्री के आदेश से परमिट मिल जाएगा। हम बिहार की जनता के लिए तथा बिहार की समृद्धि के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। बिहार समृद्ध होगा तो लोगों के बीच खुशहाली आएगी।

प्रत्येक माह के 10 तारीख को खाता में जाएंगे पेंशन

उन्होंने कहा कि हमने व्यवस्था कर दी है कि सभी सामाजिक पेंशनधारियों को हर महीने की 10 तारीख को उनके खाते में पेंशन की राशि चली जाएगी।

1 करोड़ 81 लाख बहनों के खाते में रोजगार शुरू करने के लिए 10-10 हजार की राशि भेजी जा चुकी है। 20 लाख रोजगार करने वाली बहनों को चिह्नित कर उनके खाते में दूसरी किस्त की राशि भेजी जाएगी और जो भी बची हुई बहनें हैं। उनके खाते में भी 10-10 हजार की राशि भेजी जाएगी।

हमलोगों की कोशिश है कि जिस दिन प्रधानमंत्री और केन्द्रीय गृहमंत्री बिहार आएंगे, उस दिन इस कार्य को मूर्त रूप दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि हमें 14 करोड़ बिहारियों की जिम्मेवारी मिली है। बिहारी देश में विभिन्न पदों पर तथा विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करते हुए देश की प्रगति में अपना योगदान दे रहे हैं।

विपक्षी सांसद में जलाएं है विकास की दीप

मुख्यमंत्री ने जीतनराम मांझी उदार दिल का जिक्र करते हुए कहा कि अतरी विधानसभा जहानाबाद संसदीय क्षेत्र में आता है। यहां के सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां आने से पहले मैंने उनसे बातचीत की। कहा कि चलिए आपके क्षेत्र में एक बड़ा कार्य हो रहा है। केंद्रीय मंत्री चाहते है कि अपने संसदीय क्षेत्र में इस योजना का क्रियान्वयन कराते है लेकिन विपक्षी पार्टी के संसदीय क्षेत्र में हम विकास करते हैं। खिजसराय में सेंटर से बनने से गया समेत पूरे बिहार का भला होगा।

Read more

Local News