रांची: झारखंड के लाडले महेंद्र सिंह धोनी यानी माही ने बेशक अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया है. लेकिन आज भी उनका क्रेज बरकरार है. उनकी एक ताजा तस्वीर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन के साथ आई है. खुद मुख्यमंत्री ने कुछ तस्वीरों को साझा किया है. मुख्यमंत्री ने लिखा ‘माही से अचानक मिलना हुआ’. तस्वीर में दोनों मुस्कुराते नजर आ रहे हैं.
माही से अचानक मिलना हुआ: सीएम
दरअसल, भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रहे महेंद्र सिंह धोनी का अंदाज बेहद निराला है. जब भी रांची आते हैं तो अपनों के बीच पहुंचने पर मुस्कुराते दिखते हैं. एयरपोर्ट पर सीएम के साथ अचानक आमना-सामना हुआ तो दोनों कुछ पल के लिए रुक गए और गुफ्तगू की. सीएम ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ‘माही से अचानक मिलना हुआ’. वहीं इस मुलाकात पर कल्पना सोरेन ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि ‘झारखंड के लाल महेंद्र सिंह धोनी जी से मुलाकात हुई’. खास बात है कि सीएम और कल्पना सोरेन ने इस सुनहरे पल की तस्वीरें जारी कर यह बता दिया कि झारखंड के लिए धोनी कितने मायने रखते हैं.
खास बात है कि यह मुलाकात तब हुई, जब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी बीमार माता जी को इलाज के लिए हैदराबाद भेजने एयरपोर्ट पहुंचे थे. उनके साथ कल्पना सोरेन भी थीं. लेकिन दुख की इस घड़ी के बीच सीएम हेमंत सोरेन ने माही को उतना ही सम्मान दिया, जिसके वे हकदार हैं. हालांकि यह पता नहीं चल पाया कि माही की सीएम के साथ क्या बात हुई.
सफल कप्तान रहे हैं महेंद्र सिंह धोनी
बता दें कि महेंद्र सिंह धोनी रांची रिंग रोड स्थित सिमलिया में अपने फॉर्म हाउस में रहते हैं. जब उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाई तो उन्हें हरमू में भाजपा दफ्तर के पास हाउसिंग बोर्ड की जमीन दी गई थी. इस आवास में माही लंबे समय तक रहे. लेकिन अब सिमलिया में रहते हैं. फिर भी रांची आने पर वे नियमित रूप से जेएससीए स्टेडियम जरूर जाते हैं.
जेएससीए स्टेडियम जाने के दौरान कोई फैन उनके करीब आ जाता है तो उसके साथ दिल खोलकर तस्वीरें भी खिंचवातें हैं. गौरतलब है कि महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में भारतीय टीम ने 2007 का टी20 वर्ल्ड कप, 2011 का वनडे वर्ल्ड कप और साल 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम किया था. धोनी वनडे में 10 हजार रन बनाने वाले पहले विकेटकीपर बल्लेबाज रहे हैं. फिलहाल वह आईपीएल में एक बार फिर खेलते नजर आने वाले हैं.


