Saturday, April 4, 2026

मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय में नामांकन फॉर्म भरने की तारीख बढ़ गई है.

Share

CM School of Excellence Jharkhand

गिरिडीह : मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय में नौवीं कक्षा में नामांकन फॉर्म भरने की तिथि बढ़ा दी गई है. पहले छात्र 20 फरवरी तक ही नामांकन फॉर्म जमा कर सकते थे, लेकिन अब 28 फरवरी तक नामांकन फॉर्म भरा जा सकेगा. यह जानकारी सर जेसी बोस मुख्यमंत्री बालिका उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य मुन्ना प्रसाद कुशवाहा ने शुक्रवार की सुबह दी.

उनहो्नें बताया कि छात्र ई विद्या वाहिनी के पोर्टल के एडमिशन लॉगिन में जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इसके अलावा स्कूल में जाकर ऑफलाइन भी आवेदन फॉर्म जमा किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि सीबीएसई या झारखंड एकेडमिक काउंसिल से मान्यता प्राप्त किसी भी स्कूल में पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं जो इस साल आठवीं की बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे, वे इसके लिए आवेदन कर सकते हैं. झारखंड शिक्षा परियोजना के निर्देश पर नौवीं कक्षा में नामांकन के लिए आवेदन की तिथि बढ़ा दी गई है.

वार्ड सदस्य का प्रमाण पत्र भी मान्य

मुन्ना प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि अगर किसी छात्र के पास आवेदन करते समय तत्काल प्रखंड विकास पदाधिकारियों द्वारा जारी जाति व आवासीय प्रमाण पत्र नहीं है तो वह अपने वार्ड सदस्य से लिखवाकर उस कागज को अपलोड कर सकता है।. हालांकि नामांकन के समय उसे प्रखंड पदाधिकारी द्वारा जारी मूल प्रमाण पत्र जमा करना होगा. अनारक्षित, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग 1 व पिछड़ा वर्ग 2 के लिए अलग-अलग सीटें आरक्षित हैं. उन्होंने बताया कि अप्रैल के प्रथम सप्ताह में ही नामांकित छात्र-छात्राओं व अभिभावकों का उन्मुखीकरण व कक्षाएं शुरू हो जाएंगी.

CM School of Excellence Jharkhand

क्यों खास है सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस

आपको बता दें कि मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय कई तरह की आधुनिक सुविधाओं से लैस है. अनुभवी शिक्षकों के साथ-साथ कंप्यूटर लैब, विज्ञान प्रयोगशाला, अंग्रेजी व संस्कृत भाषा का लाभ, 24 घंटे सौर ऊर्जा प्रकाश की व्यवस्था है. सर जेसी बोस बालिका उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक मुन्ना कुशवाहा ने बताया कि उनके विद्यालय में 200 छात्राओं का चयन किया जाना है. इनमें से 120 छात्राएं अंग्रेजी माध्यम से तथा 80 छात्राएं हिंदी माध्यम से होंगी. जिनको अंग्रेजी माध्यम से पूरी तरह पढ़ाई करने में दिक्कत होगी, वे हिंदी माध्यम से भी सीबीएसई की पढ़ाई कर सकेंगे.

उन्होंने बताया कि यहां हर सप्ताह अलग-अलग विषयों की साप्ताहिक परीक्षा भी ली जाती है. खेलकूद, क्विज, डांस, करियर काउंसलिंग, पेंटिंग, वाद-विवाद जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं. ये सभी सुविधाएं सरकार की ओर से निशुल्क हैं.

CM School of Excellence Jharkhand

निदेशक ने जारी किया पत्र

यह भी बता दें कि 20 फरवरी की देर शाम राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन ने नामांकन फार्म जमा करने की समय सीमा बढ़ाने का आदेश जारी किया है. इसमें कहा गया है कि राज्य के 80 उत्कृष्ट विद्यालयों में नामांकन की प्रक्रिया चल रही है. हालांकि, अब तक कम आवेदन आने तथा विद्यालय की ओर से आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने के अनुरोध के कारण नामांकन की समय सारिणी में संशोधन किया गया है.

Read more

Local News