Saturday, March 7, 2026

मुख्‍यमंत्री आवास में आए जेडीयू के तमाम नेताओं के साथ एक बैठक रखी गई.

Share

बिहार की राजनीति में बड़ा मोड़ आया जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले पर जेडीयू की बैठक भावुक हो गई. कई विधायकों की आंखें नम दिखीं. इसी बीच पहली बार निशांत कुमार के सक्रिय राजनीति में आने का ऐलान हुआ. जानिए बैठक में क्या-क्या हुआ.

बिहार की राजनीति में मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार के लिए आज का दिन काफी भावुकपूर्ण रहा. एक अणे मार्ग मुख्‍यमंत्री आवास में आए जेडीयू के तमाम नेताओं के साथ एक बैठक रखी गई थी. जिस बैठक में जेडीयू के सभी विधायकों और नेताओं को बुलाया गया था. बैठक के दौरान का नजारा काफी भावुक नजर आया. सीएम नीतीश के करीबी नेताओं और विधायकों के आंखों में आंसू थे. महिला विधायकों की भी आंखें नम थीं और नीतीश कुमार के प्रति सभी नेताओं का समर्पण था.

भावुक विधायक बोले- सारा खेल खत्‍म कर दिया

बैठक के बाद बाहर आए विधायक विनय चौधरी ने आंखों में आंसू भर कर कहा उन्‍होंने (नीतीश कुमार) तो सारा खेल खत्‍म कर दिया. उन्‍होंने प्रभात खबर के संवाददाता से बात करते हुए डबडबाई आंखों से ये बता दिया कि उनका अपने नेता के प्रति कितनी निष्‍ठा और प्रेम था. उन्‍होंने कहा, कभी सोचा नहीं था वो ऐसा करेंगे. उन्‍होंने कहा कि हमने सपने में भी नहीं सोचा था. हमने उन्‍हें मनाने का काफी प्रयास किया मगर वो नहीं माने.

राज्‍यसभा जाने से रोकने का हुआ खूब प्रयास

बैठक के दौरान विजेंद्र यादव ने तमाम विधायकों की ओर से मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार को राज्‍य सभा जाने से रोकने का प्रयास किया. उन्‍होंने कहा, नीतीश कुमार को एक बार अपने फैसले पर विचार करना चाहिए. मगर नीतीश कुमार ने पार्टी के सभी नेताओं के इस आग्रह को नकार दिया.

नीतीश कुमार ने दिया भरोसा, मैं सब कुछ देख रहा हूं

इधर, पार्टी के प्रवक्‍ता नीरज कुमार ने भी सीएम आवास के बाहर पत्रकारों से बातचीत की. उन्‍होंने बताया क‍ि बैठक का माहौल काफी भावपूर्ण था. लेकिन मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने सभी नेताओं को आश्‍वासन दिया है कि वो भले ही राज्‍य सभा जा रहे हैं मगर बिहार में ही रहेंगे. उन्‍होंने कहा, मैं सब कुछ देख रहा हूं. किसी को कोई परेशान होने की जरूरत नहीं है.

नीतीश के साथ निशांत को चाहते थी जेडीयू

बैठक के दौरान इस बात पर भी चर्चा हुई कि निशांत कुमार को सक्रिय राजनीति में आना चाहिए. बता दें कि नीतीश कुमार शुरू से निशांत के राजनीति में आने के खिलाफ रहे हैं. मगर पार्टी के नेताओं की मांग पर वो इस बात से राजी हुए. बैठक के दौरान सभी नेताओं ने हाथ उठाकर निशांत को पार्टी में लाने और सक्रिय राजनीति में लाने का समर्थन किया. विधायक विनय चौधरी ने प्रभात खबर से बातचीत के दौरान कहा कि हम तो शुरू से निशांत जी को राजनीति में लाना चाहते थे. मगर बिना नीतीश के नहीं. हम तो नीतीश कुमार के साथ निशांत को भी राजनीति में चाहते थे. मगर नीतीश कुमार ने ऐसा नहीं होने दिया.

निशांत का राजनीति में हुआ स्‍वागत

इधर, बैठक के दौरान निशांत कुमार ने भी बिहार की सक्रिय राजनीति में आने पर अपनी सहमति जाहिर की. कल शनिवार 7 मई को निशांत पार्टी की अधिकारिक सदस्‍यता ग्रहण करेंगे. इसके बाद वो बिहार के दौरे पर जाएंगे. जैसे ही निशांत कुमार का राजनीति में आने का ऐलान हुआ, पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं के चेहरे पर खुशी आ गई. नीरज कुमार ने बताया कि यह खुशी पार्टी के लिए निश्चिंतता का भाव के साथ था. इसके बाद सभी नेताओं ने खड़े होकर स्‍वागत किया.

नई पीढ़ी के हाथ होगी जेडीयू की कमान : नीरज कुमार

नीरज कुमार ने बताया कि नीतीश कुमार ही अभी पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष हैं. उनके पास पार्टी से जुड़े सभी निर्णय लेने का अधिकार है. यह बात उन्‍होंने उस सवाल के जवाब में कही जिसमें उनसे यह पूछा गया कि क्‍या निशांत कुमार बिहार के डिप्‍टी सीएम बनाए जा सकते हैं? नीरज कुमार ने कहा कि जेडीयू के कार्यकर्ताओं की एक ही इच्‍छा है कि निशांत कुमार आ जाएं. अगर निशांत कुमार आ जाते हैं तो विरोधी शांत हो जाएंगे.

Table of contents [hide]

Read more

Local News