मधेपुरा। शंकरपुर थाना की रायभीर पंचायत में एक युवक को चोरी के आरोप में खूंटे से बांध कर पिटाई की गई फिर इसके बाद सिर मुंडवाकर गांव में घुमाया गया। घटना 13 सितंबर की है। 14 सितंबर को चोरी के आरोपित युवक अमित कुमार और उसके एक अन्य साथी करण कुमार को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया।
रायभीर पंचायत की ही वार्ड संख्या सात निवासी रेखा देवी के आवेदन पर केस दर्ज करते हुए पुलिस ने चोरी की गई 30 किलो गेहूं बरामद की गई और उक्त दोनों आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इधर, 15 सितंबर को चोरी के आरोप में गिरफ्तार अमित कुमार की मां वार्ड संख्या छह निवासी विभा देवी ने शंकरपुर थाना में आवेदन देकर मुखिया सुष्मिता चौपाल के पति प्रभाष चौपाल समेत 10 लोगों को नामजद और पांच-छह अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कराया।
विभा देवी का आरोप है कि उसके पुत्र अमित कुमार को शनिवार की सुबह पड़ोसी करण कुमार अपने साथ लेकर बसंतपुर दूध लाने के लिए गया था। वापस लौटने के क्रम में रायभीड़ गांव वार्ड नौ में रूककर पेशाब करने लगा। इसी बीच अचानक मेरे पुत्र अमित कुमार को उसी गांव की रेखा देवी, मुखिया पति प्रभाष चौपाल सहित गांव के ही 10 अन्य व्यक्तियों और पांच-छह अज्ञात लोगों ने घेर लिया।
रेखा देवी ने चोरी करने का आरोप लगाया। इस बीच करण कुमार भाग गया लेकिन मेरे पुत्र को उक्त सभी लोगों ने घेरकर जाति सूचक शब्द का प्रयोग करते हुए लाठी-डंडा से मारपीट किया। प्रभाष चौपाल के कहने पर कैलू शर्मा ने मेरे पुत्र को खूंटे से बांध दिया और फिर लोगों ने सिर मुंडवाकर मुंह पर कालिख लेप कर गांव में घूमाने लगा।
बताते चलें कि मुख्य आरोपित बनाए गए प्रभाष चौपाल की पत्नी पंचायत की मुखिया हैं। प्रभाष चौपाल स्वयं भाजपा के मंडल अध्यक्ष व प्रखंड बीस सूत्री के उपाध्यक्ष भी हैं। साथ ही वे सिंहेश्वर से राजद विधायक चंद्रहास चाैपाल के भाई हैं।
रायभीर गांव की रेखा देवी के घर चोरी के आरोप में अमित कुमार को 30 किलो गेहूं के साथ पकड़ा गया। आरोपित के निशानदेही पर दूसरे आरोपित करण कुमार को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। दूसरे दिन आरोपित की मां ने कालिख-चूना पोतकर गांव में घूमाने और खूंटे से बांधकर पिटाई का आरोप लगाते हुए मुखिया पति समेत 10 को नामजद आरोपित बनाया गया है। केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। – रौशन कुमार, थानाध्यक्ष, शंकरपुर।


