सीवान जिले के आंदर बाजार में गैस रिसाव के कारण एक घर में आग लग गई। इस दुर्घटना में खाना बना रही एक महिला और उसके बेटे की झुलसने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान सरिता देवी और उनके पुत्र अर्जुन कुमार के रूप में हुई है। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
सिवान ;बिहार के सिवान जिले में आंदर बाजार स्थित एक मकान में शनिवार की सुबह 6:00 बजे अचानक गैस रिसाव से आग लग गई।
अगलगी में पूरा मकान जल कर राख हो गया। इस घटना में मकान के अंदर भोजन पका रही एक महिला और उसका पुत्र बुरी तरह झुलस गए और उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन वाहन घटनास्थल पर पहुंचा। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
मृतकों की पहचान मदेशिलापुर गांव निवासी अजीत सिंह की पत्नी सरिता देवी उम्र 30 वर्ष एवं पुत्र अर्जुन कुमार उम्र 12 वर्ष के रूप में हुई है।
भोजन बना रही थी महिला
घटना के संबंध बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह सरिता भोजन बना रही थी। इसी दौरान अचानक गैस रिसाव हो गया। गैस रिसाव होने के कारण घर में आग लग गई।
आग को बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह विकराल रूप धारण कर चुकी थी। इस कारण मकान पूरी तरह जलने लगा।
आग बुझाने से पहले सब कुछ जल चुका था। इस आग की चपेट में झुलसे मां और बेटा को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आंदर में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।