नई दिल्ली: भारतीय रेलवे देश की पहली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस ट्रेन शुरू करने की पूरी तैयारी कर रहा है. इस ट्रेन को ज़्यादा आरामदायक यात्रा के लिए डिजाइन किया गया है. यह ट्रेन कथित तौर पर दिवाली 2025 से ठीक पहले प्रयागराज होते हुए दिल्ली और पटना का सफर कुल साढ़े ग्यारह घंटे में तय करेगी.
सीएनबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, यह ट्रेन संभवत रात 8 बजे पटना से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 7.30 बजे नई दिल्ली पहुंच जाएगी, जिससे दोनों शहरों के बीच सामान्य यात्रा समय, जो 12 से 17 घंटे का होता है, घटकर सिर्फ साढ़े ग्यारह घंटे रह जाएगा.
वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस की अनुमानित टिकट कीमत
रिपोर्ट के अनुसार दिवाली 2025 से पहले सेवा शुरू होने की उम्मीद है. इस ट्रेन का किराया राजधानी एक्सप्रेस से 10-15 प्रतिशत अधिक होने का अनुमान है. वंदे भारत एक्सप्रेस का नया स्लीपर मॉडल अधिकतम 180 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलेगा और इसमें सामान्य चेयर कार- सर्विस के स्थान पर बर्थ होंगी, जिससे विशेष रूप से रात की यात्रा अधिक आरामदायक यात्रा होगी.
मॉर्डन फायर सेफ्टी सिस्टम
सीसीटीवी कैमरे, मनोरंजन के लिए LED स्क्रीन, सुरक्षित बोर्डिंग के लिए सेंसर युक्त स्वचालित दरवाजे, मॉर्डन फायर सेफ्टी सिस्टम और ट्रेन में अनाउंसमेंट फैसिलिटीज जैसी सुविधाओं से लैस वंदे भारत स्लीपर का निर्माण भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (BEML) द्वारा एडवांस इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) तकनीक का उपयोग करके किया गया है.
एयरक्राफट-स्टाइल की फिनिशिंग
इसके अलावा ट्रेन के अंदरूनी हिस्से को एयरक्राफट-स्टाइल की फिनिशिंग के साथ डिजाइन किया गया है, जिससे यात्रियों को एक बेहतरीन यात्रा का अनुभव मिलेगा. रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि स्लीपर वर्जन की शुरुआत के साथ, सरकार का लक्ष्य इस सर्विस की पहुंच का विस्तार करना है, खासकर लंबी दूरी के मार्गों पर जहां रातभर यात्रा आम है.
वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस का यात्रा मार्ग, यानी नई दिल्ली से पटना होगा, जो देश के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है और यहां विशेष रूप से फेस्टिव सीजन में भारी भीड़ होती है, जब हजारों लोग बिहार और उत्तर प्रदेश राज्यों से राष्ट्रीय राजधानी आते हैं. वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस से भीड़भाड़ कम होने, यात्रियों को तेज यात्रा विकल्प मिलने और बिहार और उत्तर प्रदेश दोनों के लिए कनेक्टिविटी बढ़ने की उम्मीद है.


