Thursday, June 25, 2026

भारतीय नौसेना की ताकत बढ़ाने में SAIL ने निभाई अहम भूमिका।

Share

रांची। देश की समुद्री सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAIL) ने भारतीय नौसेना के नए युद्धपोतों के लिए रक्षा-ग्रेड स्टील की सप्लाई की है। हाल ही में पीएम मोदी ने इन अत्याधुनिक जहाजों को नौसेना में शामिल किया है, जिन्हें बनाने में बोकारो, भिलाई और राउरकेला स्टील प्लांट के लोहे का इस्तेमाल हुआ है।

देश की समुद्री सुरक्षा को मजबूती देने में महारत्न कंपनी सेल ने भारतीय नौसेना के हाल में शामिल किए गए तीन अत्याधुनिक युद्धपोतों- स्टील्थ फ्रिगेट आईएनएस दूनागिरी, एंटी-सबमरीन वारफेयर शैलो वाटर क्राफ्ट आईएनएस अग्रय और सर्वेक्षण पोत (लार्ज) आईएनएस संशोधक के निर्माण के लिए 5700 टन विशेष रक्षा-ग्रेड स्टील की आपूर्ति की है।

इन तीनों युद्धपोतों को 21 जून को कोलकाता के श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट पर आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नौसेना में शामिल किया था। सेल ने इन जहाजों के निर्माण के लिए उच्च गुणवत्ता वाली डीएमआर- 249A ग्रेड हाट-रोल्ड शीट और प्लेट उपलब्ध कराई।

यह विशेष स्टील बोकारो, भिलाई और राउरकेला इस्पात संयंत्रों में तैयार किया गया। रक्षा जरूरतों के अनुरूप तैयार यह स्टील युद्धपोतों की मजबूती और लंबे समय तक बेहतर प्रदर्शन के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। भारतीय नौसेना में अत्याधुनिक जहाजों के शामिल होने के साथ सेल की भूमिका देश की रक्षा तैयारियों में एक मजबूत औद्योगिक साझेदार के रूप में उभर रही है।

रक्षा क्षेत्र की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए सेल ने डीएमआर ग्रेड प्लेटों के उत्पादन को बढ़ाने की दिशा में भी कदम उठाए हैं। इसके तहत राउरकेला स्टील प्लांट के स्पेशल प्लेट प्लांट में उत्पादन क्षमता मजबूत की जा रही है।

कंपनी ने पहले भी विशेष स्टील कर चुका है आपूर्ति

सेल का रक्षा क्षेत्र में योगदान नया नहीं है। इससे पहले देश के पहले स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत के अलावा प्रोजेक्ट 17ए के तहत बने स्टील्थ फ्रिगेट आईएनएस नीलगिरि, आईएनएस हिमगिरि और आईएनएस उदयगिरि के लिए भी विशेष स्टील की आपूर्ति कर चुकी है।

इसके अलावा आईएनएस अजय, आईएनएस निस्तार और आईएनएस अंजदीप जैसे महत्वपूर्ण नौसैनिक प्लेटफार्मों में भी सेल के स्टील का इस्तेमाल हुआ है।

सेल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डाॅ. अशोक कुमार पंडा ने कहा कि रक्षा क्षेत्र की जरूरतों को पूरा करने के लिए कंपनी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि डीएमआर ग्रेड प्लेटों के उत्पादन को बढ़ाकर भारत की रणनीतिक आत्मनिर्भरता को और मजबूत किया जा रहा है।

Read more

Local News