भारत ने रविवार (14 जून) को पाकिस्तान के खिलाफ 64 रन की बड़ी जीत के साथ टूर्नामेंट में अपने अभियान का शानदार आगाज किया. एजबेस्टन में खेले गए मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 170 का स्कोर बनाया.
स्मृति मंधाना ने 44 गेंद में नौ चौकों और दो छक्कों से 68 रन की पारी खेलने के अलावा कप्तान हरमनप्रीत कौर (36 रन, 35 गेंद, चार चौके) के साथ तीसरे विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी भी की जिससे भारत ने छह विकेट पर 170 रन बनाए जो टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ उसका सर्वोच्च स्कोर है।
भारत के 171 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम ऑफ स्पिनर दीप्ति शर्मा (10 रन पर पांच विकेट) के करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के सामने 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई. बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी (21 रन पर तीन विकेट) और शैफाली वर्मा (22 रन पर एक विकेट) ने भी दीप्ति का अच्छा साथ निभाया.

जीत के बाद हरमनप्रीत ने क्या कहा?
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने स्मृति मंधाना, दीप्ति शर्मा और ऋचा घोष के प्रदर्शन की तारीफ की. मैच के बाद हरमनप्रीत ने कहा, ‘जब भी हमें जरूरत होती है, वे तीनों टीम को आगे बढ़ाने के लिए हमेशा तैयार रहती हैं. इसलिए, मैं बहुत खुश हूं कि आज उन तीनों ने कैसा खेला.’
एजबेस्टन की परिस्थितियों के बारे में बात करते हुए हरमनप्रीत ने कहा, ‘मुझे लगता है कि पिच अच्छी थी, लेकिन शुरुआत में हमने बेवजह खुद पर दबाव बना लिया था. लेकिन उसके बाद, जब स्मृति और मैं बल्लेबाजी कर रही थीं, तो हमने खेल को कंट्रोल करने की कोशिश की और फिर हमें वही मिला जो हम चाहते थे.’

ऋचा घोष की सिर्फ 17 गेंदों पर खेली गई तूफानी 34 रनों की पारी के बारे में पूछे जाने पर हरमनप्रीत ने कहा, ‘अगर मेरे हाथ में होता, तो मैं उन्हें पहली गेंद पर ही (बल्लेबाजी के लिए) भेजना पसंद करती. लेकिन मुझे लगता है कि उनकी (बल्लेबाजी क्रम में नीचे) एक भूमिका है और वह वहां बहुत अच्छा खेल रही हैं. आज उन्होंने जिस तरह से खेला, उससे मैं बहुत खुश हूं.’

प्लेयर ऑफ द मैच बनने वाली दिप्ति शर्मा ने क्या कहा?
टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 166 विकेट के साथ सबसे सफल गेंदबाज और मैच की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुनीं गई दीप्ति ने कहा कि उन्हें इस तरह की विकेट काफी रास आती हैं. उन्होंने कहा, ‘मैं शुक्रगुजार हूं और मुझे इस तरह की पिच पसंद हैं. मुझे आईसीसी टूर्नामेंट पसंद हैं. गेंद टर्न हो रही थी इसलिए मैं हर गेंद और हर ओवर में अपनी गति में बदलाव करती रही. गेंद टर्न हो रही थी इसलिए मैंने सोचा कि मुझे धीमी गति से गेंदबाजी करनी चाहिए और इससे मुझे मदद मिली.’
भारत का अगला मैच
टूर्नामेंट में भारतीय महिला टीम का अगला मैच अब 17 जून को निदरलैंड्स से होगा. ये मैच हेडिंग्ले, लीड्स में खेला जाएगा, जो भारतीय समय के अनुसार शाम सात बजे शुरू होगा.


