भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ी एक बार फिर आमने सामने आने वाले हैं. लेकिन ये महा मुकाबला क्रिकेट का मैदान नहीं बल्कि मार्श आर्ट्स का रिंग होगा. दरअसल मलेशिया के कुआलालंपुर में होने वाली मलेशिया स्ट्राइक MMA चैंपियनशिप में भारत के संग्राम सिंह और पाकिस्तान के आबिद अली आमने सामने होंगे.
इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले का आयोजन रविवार, 19 जुलाई को होगा. ये भारतीय मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स के लिए एक ऐतिहासिक पल होगा, क्योंकि संग्राम प्रतिष्ठित एशिया चैंपियनशिप खिताब के लिए मुकाबला करने वाले पहले भारतीय फाइटर बन जाएंगे.
बता दें कि संग्राम सिंह कॉमनवेल्थ हैवीवेट चैंपियन हैं और मलेशिया स्ट्राइक MMA चैंपियनशिप उनकी चौथी प्रोफेशनल MMA मुकाबला होगा.
संग्राम सिंह का प्रदर्शन
इससे पहले उन्होंने नीदरलैंड्स में ट्यूनीशियाई फाइटर हकीम ट्राबेल्सी को दूसरे राउंड तक पहुंचने से पहले ही हरा दिया था.हाल ही में, उन्होंने अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स में इतिहास रचते हुए फ्रांसीसी फाइटर फ्लोरियन कॉडियर को सिर्फ 1 मिनट 45 सेकंड में हरा दिया था, और ऐसा करने वाले वह अर्जेंटीना में MMA मुकाबला जीतने वाले पहले भारतीय बन गए थे.
दिलचस्प बात यह है कि संग्राम सिंह ने अपना पहला MMA मुकाबला पाकिस्तानी फाइटर, अली रजा नासिर के खिलाफ जॉर्जिया के त्बिलिसी में आयोजित GAMMA इंटरनेशनल फाइटिंग चैंपियनशिप किया था. जहां उन्होंने दूसरे राउंड में ही शानदार जीत हासिल की थी.
अब वो अपने चौथे MMA मुकाबले में भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक और पाकिस्तानी प्रतिद्वंद्वी से भिड़ने को तैयार हैं. जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय MMA प्रतियोगिताओं में पहले ही कई जीत हासिल की हैं.
संग्राम इस मुकाबले के बारे में क्या कहा?
आने वाली चुनौती के बारे में बात करते हुए संग्राम ने कहा, ‘हो सकता है कि मुझे अभी आबिद अली की उम्र के बारे में ज्यादा जानकारी न हो, लेकिन मैं जानता हूं कि वह एक अनुभवी फाइटर हैं जिन्होंने कई MMA मुकाबले जीते हैं. मलेशिया स्ट्राइक MMA चैंपियनशिप में एशिया चैंपियनशिप खिताब के लिए भारत का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए अत्यंत गर्व की बात है.’
संग्राम ने आगे बताया कि इस मुकाबले के लिए वह 83-89 किलोग्राम भार वर्ग में हिस्सा लेंगे. उन्होंने भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले खेल मुकाबले से जुड़े दबाव को स्वीकार किया, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि यह चुनौती उन्हें और भी ज्यादा उत्साहित करती है.
भारतीय पहलवान संग्राम सिंह ने कहा, ‘जब भी भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होता है, तो स्वाभाविक रूप से भावनाएं चरम पर होती हैं, क्योंकि दोनों देशों के प्रशंसक हमेशा अपनी टीम की जीत चाहते हैं. इसमें दबाव तो होता है, लेकिन साथ ही उत्साह भी होता है. यह मेरे लिए एक बहुत बड़ी चुनौती है और मैं पूरी एकाग्रता के साथ इसकी तैयारी कर रहा हूं.’


