भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच की तारीख जैसे जैसे करीब आ रही हैं वैसे वैसे भारत से कोलंबो जाने वाले प्लेन के किरायों में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है. ये महामुकाबल रविवार 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा. इससे मैच को देखने के लिए भारतीय फैन देश के कोने कोने से कोलंबो का रुख कर रहे हैं, जिसकी वजह से दिल्ली टू कोलंबो और मुंबई टू कोलंबो के फ्लाइट फेयर में काफी ज्यादा इजाफा हुआ है.
फ्लाइट के किरायों में उछाल
इसके अलावा चेन्नई से श्रीलंका के लिए जाने वाली फ्लाइट का किराया भी काफी बढ़ गया है. जहां से सिर्फ डेढ़ घंटे की दूरी है. बता दें कि चेन्नई और कोलंबो के बीच हर दिन कुल 16 फ्लाइट चलती हैं. जिनका आमतौर पर, किराया कम होता है, क्योंकि ज्यादातर कनेक्टिंग फ्लाइट होती हैं. लेकिन T20 वर्ल्ड कप चल रहा है, इसलिए इन फ्लाइट में पहले से ही आम दिनों से ज्यादा भीड़ है. और अब, 15 तारीख को कोलंबो में इंडिया और पाकिस्तान के बीच मैच के लिए कई फैंस के कोलंबो आने की उम्मीद है, इसलिए चेन्नई-कोलंबो फ्लाइट के लिए टिकट बुक करने की होड़ मच गई है, जिससे फ्लाइट का किराया बढ़ गया है.

चेन्नई टू कोलंबो फ्लाइट का किराया
शुक्रवार 13 फरवरी के लिए चेन्नई से इंडिगो का रेगुलर इकॉनमी किराया 7,127 रुपये से बढ़कर 22,073-25,207 रुपये हो गए हैं, जबकि श्रीलंकन एयरलाइंस के लिए यह 42,231 रुपये है. 14 फरवरी के लिए इंडिगो का किराया 20,708 रुपये से बढ़कर 25,207 रुपये और श्रीलंकन एयरलाइंस का 35,217 रुपये हो गया है.

15 फरवरी को, मैच के दिन, इंडिगो पर टिकट की कीमतें 18,283 रुपये से 19,464 रुपये के बीच दिख रही हैं, जबकि श्रीलंकन पर यह 28,660 रुपये से 42,231 रुपये के बीच हैं. ऐसी भी खबरें हैं कि कोलंबो के लिए किराए कई दूसरे भारतीय शहरों से आसमान छू रहे हैं.
एयरपोर्ट अधिकारियों ने कहा कि जैसे-जैसे टिकट बुक करने वालों की संख्या बढ़ती जाएगी, रेगुलर सीटें उपलब्ध नहीं होंगी. पहले से ही लोग बिजनेस क्लास बुक करने के लिए ज्यादा चार्ज दे रहे हैं, जिससे डायनामिक प्राइसिंग सिस्टम में किराया और बढ़ रहा है.

टी20 वर्ल्ड कप में IND vs PAK हेड टू हेड
बता दें कि भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को होने वाला मैच काफी खास होने वाला है. क्योंकि इस मैच को लेकर पाकिस्तान ने पहले न खेलने का फैसला किया था और फिर बाद में अपने फैसले से यु-टर्न लेकर खेलने पर राजी हो गया. जिसकी वजह से इस मैच की हाइप और ज्यादा क्रिएट हो गई है.
टी20 वर्ल्ड कप में भारत का पाकिस्तान पर दबदबा रहा है. अब तक दोनों टीमों के बीच को 8 मैच खेले गए हैं जिसमें भारत ने 7 बार जीत हासिल की है और केवल एक बार पाकिस्तान को जीत मिली है. अब भारत 15 फरवरी को इस आंकड़े को 8-1 करने की कोशिश करेगा.


