श्रावणी मेले के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने भागलपुर स्टेशन के प्लेटफ़ॉर्म नंबर 2 3 और 5 पर लंबी ट्रेनों का ठहराव रोकने का फैसला किया है। इन प्लेटफ़ॉर्मों की लंबाई कम होने और संकीर्ण फ़ुटओवर ब्रिज के कारण यात्रियों को होने वाली असुविधा से बचने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
भागलपुर। श्रावणी मेले के दौरान यात्रियों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने भागलपुर स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या दो, तीन व पांच नंबर पर लंबी ट्रेनों का ठहराव नहीं होगा।
इन प्लेटफार्मों की लंबाई और चौड़ाई पर्याप्त नहीं होने के कारण रेलवे प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। साथ ही यहां बने फुटओवर ब्रिज की सीढ़ियां भी काफी संकरी हैं।
जिससे भारी भीड़ में यात्रियों को चढ़ने-उतरने में परेशानी होती है। एक सप्ताह पहले शनिवार को जब गोड्डा-गोमतीनगर एक्सप्रेस को प्लेटफार्म नंबर पांच पर लगाया गया, तो यात्रियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
ट्रेन की कुछ बोगियां प्लेटफार्म से बाहर थीं। जिससे यात्रियों को उतरने में दिक्कत हुई। बुजुर्ग और दिव्यांग यात्रियों के लिए यह स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण हो गई।
इस वजह से लिया गया अहम फैसला
रेलवे प्रशासन का मानना है कि अगर लंबी ट्रेनें छोटे प्लेटफार्मों पर रुकती रहीं, तो मेले की भीड़ के दौरान हादसों की आशंका बढ़ सकती है।
मालदा डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने बताया कि मेले के दौरान सुरक्षा को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उनका कहना है कि फिलहाल इन छोटे प्लेटफार्मों पर लंबी ट्रेनों को रोकने से परहेज किया जाएगा।
साथ ही, भविष्य में प्लेटफार्म की लंबाई बढ़ाने पर जल्द काम शुरू होगा। श्रावणी मेले को लेकर रेलवे की तैयारियां जोरों पर हैं। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में है।


