देवघर में देवीपुर थाना क्षेत्र के चौधरीडीह मुख्य मार्ग पर एक भाई ने दूसरे भाई को ट्रक से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया. मृतक बिट्टू राउत थे. विवाद का मुख्य कारण ईएमआई और परिवारिक झगड़ा बताया जा रहा है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
देवघर के देवीपुर थाना क्षेत्र में चौधरीडीह मुख्य मार्ग पर रविवार को सुबह करीब ग्यारह बजे एक भाई ने दूसरे को ट्रक से कुचल कर मौत के घाट उतार दिया. मृतक का नाम बिट्टू राउत है. इस पूरी घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी.
ईएमआई का झगड़ा हो सकती है मुख्य वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच परिवारिक मसलों को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था. मृतक बिट्टू राउत के पास चार मिनी ट्रक थे, जिनमें से एक उन्होंने मंझले भाई संजीत राउत को दे दी थी, ताकि वह भी ट्रक चला कर परिवार का पेट पाल सके. परिजनों के अनुसार, संजीत राउत गाड़ी का ईएमआई समय पर नहीं भर रहा था और इस वजह से वह बिट्टू पर लगातार दबाव बना रहा था. इसी विवाद के चलते दोनों भाइयों के बीच आए दिन तकरार और झगड़ा होता रहता था.
सड़क किनारे बुलेट धो रहा था संजीत राउत
रविवार को गुस्से में आकर संजीत राउत ने ट्रक को अपने भाई बिट्टू पर चढ़ा दिया. बिट्टू सड़क किनारे अपनी बुलेट बाइक धो रहे थे. बुरी तरीके से ट्रक की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस परिजनों से कर रही है पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही देवीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया. ट्रक को जब्त कर लिया गया है और आरोपी की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई है. पुलिस ने बताया कि घटना में संपत्ति विवाद और पारिवारिक तनाव भी एक कारण हो सकता है. फिलहाल, सभी पहलुओं पर जांच के लिए परिजनों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी मामले की पड़ताल कर रही है.


