Thursday, March 26, 2026

बोकारो थर्मल पावर प्लांट बंद होने से विद्युत उत्पादन बंद हो गया है.

Share

बोकारो: दामोदर वैली कारपोरेशन (डीवीसी) के बोकारो थर्मल पावर प्लांट से विद्युत का उत्पादन बंद कर दिया गया है. इस पावर प्लांट से 500 मेगावाट का विद्युत का उत्पादन हो रहा है, जिसे रात लगभग 1:30 बजे से बंद कर दिया गया है.

वरीय महाप्रबंधक सुशील कुमार अरजरीया ने बताया कि बोकारो थर्मल पावर प्लांट के ऐश पौंड से छाई की ट्रांसपोर्टिंग कार्य नहीं होने के कारण पौंड पूरी तरह से भर गया है. पौंड टूट जाने का खतरा था, जिस कारण प्लांट को बंद करना पड़ा. प्लांट बंद होने से डीवीसी को प्रतिदिन लगभग 5 करोड़ 71 लाख रुपए का नुकसान हो रहा है.

महाप्रबंधक ने प्लांट को चालू करने की लोगों से अपील की

इसके अलावा डीवीसी को झारखंड, पंजाब, दिल्ली सहित दूसरे राज्यों के अपने उपभोक्ताओं को बिजली खरीद कर देनी पड़ेगी, जिससे डीवीसी को अलग से नुकसान होगा. उन्होंने प्लांट चलाने में लोगो से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि प्लांट चलेगा तो सभी को लाभ होगा.

बता दें कि 15 जुलाई से एस पौंड से छाई ट्रांसपोर्टिंग कार्य बंद है. यहां कार्यरत मजदूर बकाया वेतन राशि भुगतान करने की मांग को लेकर छाई ट्रांसपोर्टिंग कार्य शुरू नहीं होने दे रहे हैं, जिस वजह से एस पौंड से छाई ट्रांसपोर्टिंग कार्य लगभग चार महीनों से बंद है.

बेरमो एसडीएम के साथ छाई ट्रांसपोर्टिंग चालू करने को लेकर 30 अक्टूबर को बातचीत होनी थी, जिससे डीवीसी के बोकारो थर्मल पावर प्लांट से बिजली का उत्पादन हो रहा था. बैठक में बेरमो एसडीम मुकेश मछुआ एवं बोकारो थर्मल के पदाधिकारी गेस्ट हाउस में बैठे रहे लेकिन ट्रांसपोर्टर के नहीं आने से त्रिपक्षीय वार्ता बेनतीजा रही.

एसडीएम की पहल भी नहीं लाई रंग

एसडीएम की पहल पर 1 नवंबर को चंद्रपुरा गेस्ट हाउस में त्रिपक्षीय वार्ता हुई, जिसमें सहमति भी बनी. बावजूद ट्रांसपोर्टिंग कार्य शुरू नहीं हुआ और आखिरकार 500 मेगावाट बिजली उत्पादन कर रहे इस प्लांट को बंद करने का निर्णय लेना पड़ा.

Read more

Local News