अजमेर: बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड की प्रोड्यूसर और डायरेक्टर एकता कपूर ने अजमेर शरीफ दरगाह पहुंचकर हजरत ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह में हाजिरी दी. उन्होंने अपने पुत्र रवि कपूर के साथ सूफी संत की मजार मुबारक पर अकीदत की चादर और फूल पेश किए. एकता कपूर ने इस दौरान अपने पिता, बॉलीवुड अभिनेता जितेंद्र कपूर के स्वास्थ्य, भाई और एक्टर तुषार कपूर के खुशहाल जीवन तथा पूरे खानदान की सलामती के लिए चादरपोशी की. दरगाह के खादिम सैय्यद इमरान चिश्ती ने उन्हें जियारत कराई, जबकि सैय्यद गुलफाम चिश्ती ने दरबार का तबर्रुक उन्हें भेंट किया.
नए प्रोजेक्ट्स की सफलता की दुआ: खादिम सैय्यद नदीम चिश्ती ने बताया कि हजरत ख्वाजा गरीब नवाज के आस्ताने शरीफ में एकता कपूर ने लगभग 30 मिनट गुजारे. उन्होंने घर-परिवार की खुशहाली के साथ-साथ अपने नए प्रोजेक्ट्स की सफलता के लिए भी मन्नत का धागा बांधा. नदीम चिश्ती ने बताया कि कपूर परिवार हजरत ख्वाजा साहब से गहरी अकीदत रखता है. एकता कपूर जब भी कोई नई फिल्म या सीरियल बनाती हैं, तो उसकी कॉपी रील अजमेर दरगाह पर पेश करती हैं और कामयाबी की दुआ मांगती हैं.
बेटे के साथ आई एकता कपूर: इस बार उन्होंने अपने शो और सीरियल्स की कॉपी के साथ बालाजी टेलीफिल्म्स की प्रस्तुति “भूत बंगला” और “लॉकअप्प” की सफलता के लिए दुआएं मांगीं. एकता कपूर अपने पुत्र रवि कपूर को पहली बार दरगाह की जियारत कराने लाई थीं, जिनके हाथों मन्नत की चादर भी पेश करवाई गई. उन्होंने अपने नए प्रोजेक्ट्स, परिवार की तरक्की, बेटे रवि कपूर और भतीजे लक्ष्य कपूर के लिए भी बुजुर्ग खादिम सैय्यद अब्दुल गनी चिश्ती उर्फ कल्लू मियां से खास दुआएं करवाईं.


