मुंबई: बॉलीवुड एक्टर धर्मेंद्र का आज, 24 नवंबर को निधन हो गया है. इस खबर से पूरे देश शोक में डूब गया है. सेलेब्स से लेकर राजनेता तक एक्टर के निधन पर शोक जता रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समेत अन्य राजनेताओं ने एक्टर धर्मेंद्र के निधन पर दुख जताया है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
धर्मेंद्र के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताया है. उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा है, ‘धर्मेंद्र जी के जाने से भारतीय सिनेमा में एक युग का अंत हो गया है. वह एक आइकॉनिक फिल्म पर्सनैलिटी थे, एक जबरदस्त एक्टर थे जिन्होंने अपने हर रोल में चार्म और गहराई लाई.’
पीएम मोदी ने धर्मेंद्र के रोल के बारे में जिक्र करते हुए आगे लिखा है, ‘जिस तरह से उन्होंने अलग-अलग तरह के रोल किए, उसने अनगिनत लोगों के दिलों को छुआ. धर्मेंद्र जी अपनी सादगी, विनम्रता और प्यार के लिए भी उतने ही जाने जाते थे. इस दुख की घड़ी में, मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और अनगिनत फैंस के साथ हैं. ओम शांति.’
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी एक्टर धर्मेंद्र के निधन पर शोक जताया है. एक्स हैंडल पर पोस्ट साझा करते हुए राष्ट्रपति ने लिखा है, ‘जाने-माने एक्टर और पूर्व सांसद श्री धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक बहुत बड़ा नुकसान है. सबसे पॉपुलर एक्टर्स में से एक, उन्होंने अपने दशकों लंबे शानदार करियर में कई यादगार परफॉर्मेंस दीं.’
उन्होंने आगे लिखा है, ‘भारतीय सिनेमा की एक बड़ी हस्ती के तौर पर, वह अपने पीछे एक ऐसी विरासत छोड़ गए हैं जो कलाकारों की नई पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी. उनके परिवार, दोस्तों और चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं.’
अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी एक्टर धर्मेंद्र के निधन पर दुख प्रकट किया है. केंद्रीय गृह मंत्री ने एक्स हैंडल पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा है, ‘अपने बेहतरीन अभिनय से 6 दशकों तक हर देशवासी के दिल को छूने वाले धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है. एक सामान्य परिवार से आकर उन्होंने फिल्म जगत में अपनी अमिट पहचान बनाई. धर्मेंद्र जी उन चुनिंदा अभिनेताओं में से एक रहे, जिन्होंने जिस किरदार को छुआ, वह जीवंत बन उठा और अपनी इसी कला के माध्यम से उन्होंने हर आयु-वर्ग के करोड़ों दर्शकों का दिल जीता. अपने अभिनय से वे सदैव हमारे बीच रहेंगे. ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिजनों व प्रशंसकों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें. ॐ शांति शांति शांति.’
राजनाथ सिंह
धर्मेंद्र के निधन पर देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एक्स हैंडल पर दुख जताते हुए लिखा है, ‘मशहूर हिंदी फिल्म एक्टर और पूर्व MP श्री धर्मेंद्र जी के निधन से बहुत दुख हुआ. उन्होंने अपने चार्म और ईमानदारी से कई यादगार किरदारों में जान डाल दी. भारतीय सिनेमा में उनका शानदार योगदान हमेशा याद रखा जाएगा. उनके दुखी परिवार और अनगिनत चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं.’
कांग्रेस पार्टी के राजनेता राहुल गांधी ने धर्मेंद्र के निधन पर शोक जताते हुए लिखा है, ‘महान अभिनेता धर्मेंद्र जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है और भारतीय कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है. सिनेमा में लगभग सात दशकों के उनके अद्वितीय योगदान को हमेशा सम्मान और मोहब्बत के साथ याद रखा जाएगा. धर्मेंद्र जी को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके शोकाकुल परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के साथ हैं.’
बीते कुछ दिनों से बीमार थे धर्मेंद्र
भारतीय सिनेमा के ‘ही मैन’ धर्मेंद्र पिछले कुछ समय से बीमार थे. 10 नवंबर को उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. सलमान खान, शाहरुख खान, आमिर खान और गोविंदा सहित कई प्रमुख फिल्मी हस्तियों ने इस कठिन समय में देओल परिवार को अपना समर्थन देने के लिए अस्पताल पहुंचे थे. दो दिन बाद, धर्मेंद्र को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. धर्मेंद्र को 12 नवंबर को सुबह 7.30 बजे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई
धर्मेंद्र के परिवार में उनकी पहली पत्नी प्रकाश कौर, दूसरी पत्नी एक्ट्रेस हेमा मालिनी और 6 बच्चे हैं, जिनमें उनकी पहली शादी से बेटे सनी देओल और बॉबी देओल, बेटियां विजेता और अजीता है. दूसरी शादी से बेटियां ईशा देओल और अहाना देओल हैं.


