Monday, March 30, 2026

 बॉलीवुड एक्टर कार्तिक आर्यन ने राजस्थान के सीएम से मुलाकात की.

Share

जयपुर : राजस्थान में इन दिनों धर्मा प्रोडक्शंस की नई रोमांटिक फिल्म ‘तू मेरी, मैं तेरा…’ की शूटिंग चल रही है. इस दौरान मंगलवार को अभिनेता कार्तिक आर्यन ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से शिष्टाचार मुलाकात की, जबकि अभिनेत्री अनन्या पांडे ने जयपुर के प्रसिद्ध काले हनुमान जी मंदिर में दर्शन कर शूटिंग की सफलता की कामना की. अनन्या ने काले हनुमान जी ने बिताए अपने पलों को सोशल मीडिया पर भी साझा किया.

बॉलीवुड निर्माता करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस की नई रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘तू मेरी, मैं तेरा…मैं तेरा, तू मेरी’ की शूटिंग नवलगढ़ की एक भव्य हवेली में शुरू हो चुकी है. फिल्म में मुख्य भूमिका में कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे नजर आएंगे, जबकि निर्देशन की कमान समीर विद्वांस संभाल रहे हैं. मंगलवार को फिल्म की शूटिंग के बाद अभिनेता कार्तिक आर्यन ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान सीएम ने उन्हें राज्य की सांस्कृतिक विविधता और विरासत के संरक्षण के प्रयासों की जानकारी दी. वहीं, अनन्या पांडे ने जयपुर के प्रसिद्ध काले हनुमान जी मंदिर में दर्शन कर शूटिंग की सफलता की कामना की. बता दें कि काले हनुमान जी मंदिर में इससे पहले अजय देवगन, काजोल, एकता कपूर जैसे कलाकार और निर्माता भी दर्शन के लिए आ चुके हैं.

बावड़ी गेट की ऐतिहासिक हवेली में शूटिंग : जिला प्रशासन ने फिल्म यूनिट को 27 जुलाई तक शूटिंग की अनुमति दी है. मुख्य लोकेशन नवलगढ़ के बावड़ी गेट के पास स्थित एक भव्य और ऐतिहासिक हवेली है, जिसे राजस्थानी वास्तुकला और फ्रेस्को पेंटिंग्स के लिए जाना जाता है. फिल्म यूनिट ने हवेली को आधुनिक कैमरा तकनीकों के अनुरूप तैयार किया है, जिससे फिल्मांकन में राजस्थानी संस्कृति और आधुनिक फिल्म निर्माण नजर आएगा.

अंतरराष्ट्रीय लोकेशन के बाद शेखावाटी टच : इससे पहले फिल्म का पहला शेड्यूल क्रोएशिया के विभिन्न शहरों स्प्लिट, विस, डबरोवनिक, जाग्रेब और ब्राक में पूरा किया गया. वहीं, दूसरा शेड्यूल अब शेखावाटी की सांस्कृतिक पृष्ठभूमि में फिल्माया जा रहा है, जो फिल्म को राजस्थानी टच देगा. हवेलियों की रंगीन दीवारों, मेहराबदार गलियारों और प्राचीन कंगूरों के बीच फिल्म की प्रेम कहानी आकार ले रही है.

वैलेंटाइन वीक पर रिलीज : फिल्म का शीर्षक ‘तू मेरी, मैं तेरा…’ इसके रोमांटिक थीम की झलक देता है. ये कहानी आत्मीय रिश्तों के इर्द-गिर्द घूमेगी. शेखावाटी की हवेली को न सिर्फ एक लोकेशन के रूप में बल्कि फिल्म की कहानी के एक अहम किरदार की तरह इस्तेमाल किया जाएगा. इसे 13 फरवरी 2026 को वैलेंटाइन वीक के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा.

Table of contents [hide]

Read more

Local News