रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने बॉक्स ऑफिस पर अपने शानदार 50 दिन पूरे कर लिए हैं. बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत प्रदर्शन करने वाली इस फिल्म को लेकर अब दर्शकों का ध्यान इसके ओटीटी प्रीमियर पर टिका हुआ है. सैकनिल्क रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म 14 मई से नेटफ्लिक्स पर इंटरनेशनल स्तर पर स्ट्रीम होने जा रही है.
सबसे ज्यादा चर्चा फिल्म के उस खास वर्जन की हो रही है, जिसे ओटीटी पर रिलीज किया जाएगा. नेटफ्लिक्स पर फिल्म का टाइटल ‘धुरंधर: द रिवेंज’ (रॉ और अनदेखा) वर्जन के नाम से लिस्ट किया गया है. इसका मतलब है कि दर्शकों को ऐसी फुटेज देखने को मिलेगी, जो थिएटर में नहीं दिखाई गई थी
सोशल मीडिया पर शेयर किए फुटेज के अनुसार, फिल्म की रनटाइम 3 घंटे 52 मिनट है, जबकि थिएटर में रिलीज हुई फिल्म 3 घंटे 49 मिनट लंबी थी. यानी ओटीटी वर्जन में कुल 3 मिनट का अतिरिक्त कंटेंट जोड़ा गया है. हालांकि यह समय कम लगता है, लेकिन इतने बड़े एक्शन थ्रिलर में कुछ मिनट की अतिरिक्त फुटेज भी कहानी और किरदारों को नया ट्विस्ट दे सकती है.
फिल्म में रणवीर सिंह के साथ संजय दत्त, आर माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे बड़े सितारे नजर आए हैं. फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया है, जबकि इसे जियो स्टूडियो और बी62 स्टूडियो ने प्रोड्यूस किया है. यह फिल्म 2025 के अंत में रिलीज हुई पहली किस्त की बड़ी सफलता के बाद बनाई गई और 19 मार्च को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई.
सीक्वल ने पहले पार्ट के रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिए और रिलीज के बाद से लगातार चर्चा में बना हुआ है. माना जा रहा है कि रॉ और अनदेखा वर्जन रिलीज करने का मकसद उन दर्शकों को नया अनुभव देना है, जो फिल्म को थिएटर में कई बार देख चुके हैं.
फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता ओटीटी पर भी रिकॉर्ड तोड़ चुकी है. सैकनिल्क के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पहले पार्ट ने नेटफ्लिक्स के ग्लोबल टॉप 10 में लगातार 10 हफ्तों तक जगह बनाए रखी थी. दसवें हफ्ते तक फिल्म को दुनियाभर में 101 मिलियन से ज्यादा व्यूइंग आवर्स मिल चुके थे.
11वें हफ्ते में फिल्म ने 32 मिलियन व्यूज का आंकड़ा भी पार कर लिया. दूसरे हफ्ते में फिल्म को सबसे ज्यादा 8.2 मिलियन व्यूज मिले थे. वहीं आठवें और नौवें हफ्ते में भी फिल्म ने शानदार वापसी करते हुए 3 मिलियन व्यूज दर्ज किए थे. इन आंकड़ों से साफ है कि दुनियाभर में इस फ्रेंचाइजी की जबरदस्त फैन फॉलोइंग मौजूद है.
हालांकि, इंटरनेशनल दर्शकों के लिए नेटफ्लिक्स रिलीज कन्फर्म हो चुकी है, लेकिन भारत में फिल्म जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होने की उम्मीद है. फिलहाल यह साफ नहीं हुआ है कि भारतीय दर्शकों को भी एक्सटेंडेड रॉ और अनदेखा वर्जन देखने को मिलेगा या फिर केवल थिएटर वाला वर्जन ही उपलब्ध कराया जाएगा. फिल्म के भारतीय फैंस अब इसी बात का इंतजार कर रहे हैं कि क्या उन्हें भी यह एक्स्ट्रा फुटेज देखने का मौका मिलेगा.


