नई दिल्ली: कमोडिटी मार्केट में इन दिनों भारी उथल-पुथल देखने को मिल रही है. बीते कारोबारी दिन यानी मंगलवार की रात मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कीमती धातुओं की कीमतों में गिरावट आई. चांदी जहां 5 फीसदी से ज्यादा टूटकर क्रैश हो गई, वहीं सोने के भाव में भी करीब ढाई फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. हालांकि, बुधवार सुबह बाजार खुलते ही दोनों धातुओं ने रिकवरी के संकेत दिए हैं.
मंगलवार रात का भाव
मंगलवार रात करीब 8:30 बजे चांदी की कीमतों में गिरावट देखी गई. MCX पर 5 मार्च की एक्सपायरी वाली चांदी का भाव 5.58% (लगभग 13,378 रुपये) गिरकर 2,26,513 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गया. चांदी 29 जनवरी को अपने ऑल-टाइम हाई 4,20,048 रुपये पर थी जो मंगलवार 17 फरवरी को 2,28,783 रुपये पर बंद हुआ. करीब 1.91 लाख रुपये सस्ती हो गई थी.

आज सुबह से रिकवरी का दौर
बुधवार को सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन बाजार की शुरुआत राहत भरी रही. शुरुआती कारोबार में ही चांदी 2 फीसदी से ज्यादा की उछाल के साथ दोबारा संभलती दिखी. ताजा अपडेट के अनुसार, 1 किलो चांदी का भाव करीब 5000 रुपये की बढ़त के साथ 2,34,000 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहा है. बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि निचले स्तर पर खरीदारी आने से कीमतों को सहारा मिला है.
सोने की चमक भी लौटी
चांदी की तरह सोने ने भी बुधवार को ‘कमबैक’ किया है. मंगलवार रात सोना 2.5 फीसदी फिसलने के बाद 1,51,418 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. लेकिन बुधवार सुबह 2 अप्रैल की एक्सपायरी वाला सोना 1.15 फीसदी की बढ़त के साथ 1,53,165 रुपये पर पहुंच गया.

अपने शिखर से काफी सस्ता है सोना
भले ही बुधवार को कीमतों में सुधार दिख रहा हो, लेकिन सोना अभी भी अपने लाइफ टाइम हाई से काफी नीचे है. 29 जनवरी को सोना 1,93,096 रुपये के उच्चतम स्तर पर पहुंचा था. आज की रिकवरी के बावजूद सोना अपने शिखर से करीब 40,000 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता मिल रहा है.
निवेशकों के लिए सलाह
बाजार के जानकारों का कहना है कि वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और डॉलर की मजबूती के कारण कीमतों में इतनी बड़ी गिरावट आई थी. फिलहाल बाजार में ‘बाय ऑन डिप्स’ (गिरावट पर खरीदारी) की रणनीति देखी जा रही है. शादी-ब्याह के सीजन से पहले सोने-चांदी के भाव में आई यह कमी आम ग्राहकों के लिए एक बड़ा अवसर साबित हो सकती है.


