Wednesday, July 29, 2026

बीसीए महिला अंडर-19 वनडे ट्रॉफी में अक्षरा गुप्ता ने 126 गेंदों पर नाबाद 306 रन की विस्फोटक पारी खेलकर इतिहास रच दिया है.

Share

 क्रिकेट के मैदान पर कभी-कभी ऐसी पारियां देखने को मिलती हैं, जो सिर्फ मैच का नतीजा नहीं बदलतीं बल्कि इतिहास के पन्नों में दर्ज हो जाती हैं. बिहार की युवा बल्लेबाज ने कुछ ऐसा ही कारनामा कर दिखाया है.

बिहार की बेटी ने रचा इतिहास: भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड मैदान पर आयोजित बीसीए महिला अंडर-19 वनडे ट्रॉफी में अक्षरा ने बल्ले से ऐसा तूफान मचाया कि गेंदबाजों के पास कोई जवाब नहीं था. महज 126 गेंदों पर नाबाद 306 रन की विस्फोटक पारी खेलकर उन्होंने बिहार ही नहीं, बल्कि महिला घरेलू क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया.

बीसीए महिला अंडर-19 में तूफानी पारी: बीसीए महिला अंडर-19 वनडे ट्रॉफी के उद्घाटन मुकाबले में अक्षरा गुप्ता ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए. उन्होंने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए और विपक्षी गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा. उनकी पारी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने 306 रन की नाबाद पारी में 55 चौके और 8 छक्के जड़े. 242.86 के अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 233 मिनट तक क्रीज पर डटे रहकर रन बरसाए.

मात्र 16 गेंदों में अर्धशतक पूरा: अक्षरा की इस ऐतिहासिक पारी की सबसे खास बात उनकी विस्फोटक शुरुआत रही. उन्होंने मात्र 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. इसके बाद भी उनका बल्ला नहीं रुका और सिर्फ 34 गेंदों में शतक जड़ दिया. इतनी तेज गति से शतक बनाने की उपलब्धि किसी भी स्तर के क्रिकेट में बेहद दुर्लभ मानी जाती है. जैसे-जैसे उनकी पारी आगे बढ़ती गई, मैदान पर मौजूद दर्शकों और क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह बढ़ता गया.

बिहार क्रिकेट को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान : अक्षरा की इस उपलब्धि ने बिहार क्रिकेट को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है. बीसीए के अध्यक्ष हर्षवर्धन ने उनकी पारी की सराहना करते हुए कहा कि बिहार की महिला क्रिकेटर लगातार अपने प्रदर्शन से राज्य का नाम रोशन कर रही हैं. उन्होंने कहा कि बीसीए खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और मंच उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है.

cricketer Akshara Gupta

“अक्षरा जैसी पारियां आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों को प्रेरित करेंगी. हमें उम्मीद है कि अक्षरा आने वाले वर्षों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बिहार का नाम रोशन करेंगी.”– हर्षवर्धन, बीसीए के अध्यक्ष

क्रिकेट के जानकार और अक्षरा के कोच जो उनके चाचा भी हैं, रामकृपा ने बताया कि अक्षरा गुप्ता की यह पारी महिला घरेलू क्रिकेट की सबसे यादगार पारियों में शामिल हो गई है. इससे पहले महिला घरेलू क्रिकेट में मुंबई की इरा गुप्ता ने एक राज्य स्तरीय मुकाबले में नाबाद 346 रन बनाए थे.

“उस पारी में उन्होंने 42 चौके और 16 छक्के लगाए थे. अब अक्षरा गुप्ता की नाबाद 306 रन और इरा गुप्ता की नाबाद 346 रन की पारियां महिला घरेलू क्रिकेट की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारियों में गिनी जा रही हैं.“- रामकृपा,अक्षरा के कोच व चाचा

cricketer Akshara Gupta

अक्षरा गुप्ता की यह पारी सिर्फ एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि बिहार में उभर रही महिला क्रिकेट प्रतिभाओं की कहानी भी बयां करती है. लंबे समय तक पुरुष क्रिकेट के लिए पहचाने जाने वाले बिहार में अब महिला खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं.

वंडर ब्वॉय वैभव के बाद वंडर गर्ल अक्षरा: क्रिकेट प्रेमियों का मानना है कि यदि अक्षरा इसी तरह प्रदर्शन करती रहीं तो आने वाले दिनों में भारतीय महिला क्रिकेट टीम के दरवाजे भी उनके लिए खुल सकते हैं. वंडर ब्वॉय वैभव के बाद वंडर गर्ल अक्षरा भी आने वाले समय में भारतीय टीम में धमाल मचा सकती हैं.

Read more

Local News