बिहार सरकार ने गन्ना किसानों के लिए बड़ी राहत दी है। पेराई सत्र 2025-26 से गन्ने के मूल्य में 15 से 20 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है। उत्तम प्रभेद के लिए अब 390 रुपये, सामान्य के लिए 370 रुपये और निम्न प्रभेद के लिए 340 रुपये प्रति क्विंटल मिलेंगे। यह निर्णय गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार की अध्यक्षता में मिल मालिकों के साथ बैठक में लिया गया।
पटना। सरकार ने गन्ने का मूल्य बढ़ा दिया है। 15 से 20 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है। मूल्य वृद्धि पेराई सत्र 2025-26 से ही प्रभावी होगी। गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार के सचिवालय स्थित कार्यालय कक्ष में विभाग के अपर मुख्य सचिव के सेंथिल कुमार की राज्य के चीनी मिल मालिकों के साथ गुरुवार को हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया।
मंत्री संजय कुमार ने बताया कि सरकार किसानों की उन्नति के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में संकल्पित है। बिहार के गन्ना किसानों के द्वारा गन्ना का मूल्य बढ़ाने की मांग की जा रही थी। इसको लेकर लगातार मिल मालिकों के साथ बैठक की गई।
उन्होंने बताया कि तीसरी बैठक में चीनी मिल मालिकों की सहमति से गन्ना मूल्य में 20 रुपये प्रति क्विंटल की दर से वृद्धि करने का निर्णय लिया गया। वर्तमान में उत्तम प्रभेद के गन्ना का मूल्य 365 रुपये था, जिसमें 15 रुपये प्रति क्विंटल, सामान्य प्रभेद के 345 रुपये से बढ़ाकर 360 रुपये और निम्न प्रभेद के गन्ना का मूल्य 310 से बढ़ाकर 330 रुपये की वृद्धि कर दी गई है।
मंत्री संजय कुमार ने कहा कि बढ़े हुए नए मूल्य के अतिरिक्त गत वर्ष की तरह ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा के दौरान सभी श्रेणी के गन्ना पर घोषित 10 रुपये अतिरिक्त भुगतान करने की योजना बदस्तूर जारी रहेगी।
इस तरह से गन्ना मूल्य में हुई बढ़ोतरी के बाद गन्ना किसानों को उत्तम प्रभेद के लिए 390 रुपये, सामान्य प्रभेद के लिए 370 रुपये एवं निम्न प्रभेद के लिए 340 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जाएगा। बैठक में ईख आयुक्त अनिल कुमार चौधरी, संयुक्त ईख आयुक्त जय प्रकाश नारायण सिंह सहित राज्य के सभी चीनी मिलों के मालिक मौजूद थे।


